गंगा, हर की पैड़ी और सनातन परंपरा के प्रतीकों से सजा आधिकारिक लोगो, ‘कुंभ का पर्व आ गया’ गीत से गूंजेगा आयोजन का संदेश
हरिद्वार, 12 अक्टूबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को हरिद्वार में कुंभ मेला-2027 के आधिकारिक लोगो, वेबसाइट और गीत का लोकार्पण किया। इस पहल का उद्देश्य कुंभ की धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पहचान को देश-दुनिया तक पहुंचाना तथा श्रद्धालुओं को आयोजन से जुड़ी प्रामाणिक जानकारियां डिजिटल माध्यम से उपलब्ध कराना है।
मेला नियंत्रण भवन (सीसीआर) सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ भारत की प्राचीन आध्यात्मिक परंपरा, सनातन संस्कृति और जनआस्था का विराट उत्सव है। हरिद्वार कुंभ का करोड़ों श्रद्धालुओं के लिए विशेष धार्मिक महत्व है। राज्य सरकार कुंभ-2027 के दिव्य और भव्य आयोजन के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
लोगो में दिखेगी हरिद्वार की धार्मिक पहचान
हरिद्वार कुंभ-2027 के आधिकारिक लोगो में मां गंगा, हर की पैड़ी, धनुष पुल और सूर्योदय की दिव्य छटा को दर्शाया गया है। इसके साथ शिव प्रतिमा, साधु-संतों, त्रिशूल, डमरू तथा मां मनसा देवी और मां चंडी देवी की पहाड़ियों को भी शामिल किया गया है। ये प्रतीक हरिद्वार की आध्यात्मिक महत्ता और सनातन परंपरा को अभिव्यक्त करते हैं।
लोगो तैयार करने के लिए मेला प्रशासन ने राज्य के युवाओं और विद्यार्थियों से डिजाइन आमंत्रित किए थे। प्राप्त सैकड़ों प्रविष्टियों में से चयन समिति ने विकास नगर, जगजीतपुर, हरिद्वार निवासी मधु शर्मा के डिजाइन को सर्वश्रेष्ठ चुना। इसी डिजाइन के आधार पर आधिकारिक लोगो तैयार किया गया।

वेबसाइट पर मिलेगी कुंभ से जुड़ी जानकारी
कुंभ मेला-2027 की आधिकारिक वेबसाइट [**https://haridwarkumbh.uk.gov.in**](https://haridwarkumbh.uk.gov.in) का भी लोकार्पण किया गया। इसके माध्यम से श्रद्धालुओं और आगंतुकों को कुंभ से संबंधित प्रामाणिक जानकारियां उपलब्ध कराई जाएंगी। डिजिटल मंच से देश के विभिन्न हिस्सों और विदेशों में रहने वाले श्रद्धालुओं तक भी आयोजन की जानकारी पहुंचाने में मदद मिलेगी।
‘कुंभ का पर्व आ गया’ गीत बना आकर्षण
समारोह में कुंभ के आधिकारिक गीत ‘कुंभ का पर्व आ गया’ का भी लोकार्पण किया गया। गीत की शुरुआती पंक्तियां ‘साधु और संतों के मन में हर्ष छा गया, कुंभ का पर्व आ गया’ कुंभ के आगमन की खुशी, श्रद्धा और उत्साह को दर्शाती हैं। इस गीत की रचना, गायन और संगीत हरिद्वार निवासी गायक राघव राजा ने किया है।
कैबिनेट मंत्री और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, धन सिंह रावत, सुबोध उनियाल, सौरभ बहुगुणा, खजान दास, भरत सिंह चौधरी, मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा और राम सिंह कैड़ा सहित मेलाधिकारी सोनिका, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत भुल्लर, महानिदेशक सूचना वंशीधर तिवारी तथा मेला एवं जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


