ईमानदारी, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ जनसेवा करने का दिया संदेश, राजस्व मामलों के त्वरित निस्तारण पर जोर
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। चयनित 36 अभ्यर्थियों में 13 बेटियों के शामिल होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि बेटियों की यह सफलता प्रदेश की अन्य युवतियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी सेवा में चयन केवल एक उपलब्धि नहीं, बल्कि जनसेवा की बड़ी जिम्मेदारी है। नायब तहसीलदार राजस्व प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनके कार्यों का सीधा संबंध आमजन की भूमि, आजीविका और अधिकारों से जुड़ा होता है। इसलिए सभी अधिकारी ईमानदारी, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
उन्होंने अधिकारियों को नामांतरण, पैमाइश, सीमांकन और राजस्व अभिलेखों से जुड़े मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि तहसीलों में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुना जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें। पर्वतीय क्षेत्रों के बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और दूरस्थ गांवों से आने वाले लोगों की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा के दौरान राजस्व अधिकारियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। प्रभावित परिवारों को समय पर राहत उपलब्ध कराने के लिए नुकसान का सही और त्वरित आकलन किया जाना आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि किसी भी प्रकार के दबाव, सिफारिश या प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना नियमों और तथ्यों के आधार पर निर्णय लें।
धामी ने कहा कि प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। सरकार का मूल मंत्र ‘सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टिकरण’ है। सभी अधिकारी इस मंत्र को अपनी कार्यशैली का हिस्सा बनाएं और जनता का विश्वास जीतने को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने युवाओं के भविष्य को सुरक्षित रखने और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है। पिछले पांच वर्षों में प्रदेश के 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नियुक्ति के पीछे एक युवा की वर्षों की मेहनत और उसके परिवार की उम्मीदें जुड़ी होती हैं।
इस अवसर पर मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने भी नवनियुक्त अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि सरकारी सेवा जनसेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। अधिकारियों को विशेष रूप से उन लोगों की समस्याओं के समाधान पर ध्यान देना चाहिए, जिनकी पहुंच केवल तहसील स्तर तक होती है।
कार्यक्रम में सचिव राजस्व एस.एन. पाण्डेय, सचिव एवं आयुक्त राजस्व परिषद रंजना राजगुरु सहित राजस्व विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।


