Breaking News
आपदा प्रबंधन में उत्तराखण्ड ने स्थापित किए नए मानक, आधुनिक तकनीक से मजबूत हुआ सुरक्षा तंत्र
मुख्यमंत्री धामी ने बैकुंठ चतुर्दशी मेले एवं विकास प्रदर्शनी का किया शुभारंभ, श्रीनगर को दी कई विकास योजनाओं की सौगात
मुख्यमंत्री धामी ने योगी आदित्यनाथ की माताजी को अर्पित की भावभीनी श्रद्धांजलि
सफेद बाघ ‘तेजस’ से बढ़ेगा देहरादून चिड़ियाघर का आकर्षण, सीएम धामी ने किया बाड़े का लोकार्पण
गूलर घाटी बस दुर्घटना के घायलों से मिले मुख्यमंत्री धामी, एम्स पहुंचकर जाना हालचाल
उत्तराखंड में 28 नवंबर को 300 स्थानों पर होगी मेगा मॉक ड्रिल, पहली बार तहसील स्तर तक एक साथ होगा आयोजन
मातृशक्ति के सम्मान और स्वावलंबन को सरकार की प्राथमिकता, बैणी-भुली योजना से पांच लाख से अधिक महिलाओं को मिलेगा लाभ: धामी
पत्रकारिता की स्वतंत्रता और विश्वसनीयता लोकतंत्र की पहचान: गिरीश पंत
बदरीनाथ धाम के कपाट आज रात्रि 9:37 बजे होंगे बंद, रावल निभाएंगे स्त्री वेश धारण करने की अनूठी परंपरा

आपदा प्रबंधन में उत्तराखण्ड ने स्थापित किए नए मानक, आधुनिक तकनीक से मजबूत हुआ सुरक्षा तंत्र

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में पूर्व चेतावनी, राहत-बचाव, प्रशिक्षण और पुनर्वास व्यवस्था को मिली नई मजबूती

देश का पहला राज्य बना उत्तराखण्ड, जहां आपदा प्रबंधन के लिए अलग विभाग का गठन | 525 हाइड्रो-मौसमी सेंसर और 434 से अधिक सैटेलाइट फोन से लैस हुआ राज्य

2,339 प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से 2.69 लाख से अधिक लोगों को आपदा प्रबंधन के लिए किया गया प्रशिक्षित, प्रभावितों को मिलने वाली सहायता राशि के मानकों में भी हुई बढ़ोतरी

देहरादून। प्राकृतिक आपदाओं की दृष्टि से संवेदनशील उत्तराखण्ड में आपदा प्रबंधन को अधिक प्रभावी, आधुनिक और जन-केंद्रित बनाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार लगातार महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। पूर्व चेतावनी प्रणाली, आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक जोखिम आकलन, त्वरित राहत एवं बचाव कार्य और जनभागीदारी को प्राथमिकता देते हुए प्रदेश की आपदा प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य आपदा आने के बाद राहत पहुंचाने तक सीमित न रहकर आपदा से पहले तैयारी, समय रहते चेतावनी और सुरक्षित पुनर्वास की व्यापक व्यवस्था विकसित करना है।

उत्तराखण्ड में प्रत्येक वर्ष 28 नवंबर को आपदा प्रबंधन दिवस मनाया जाएगा। इस वर्ष 25 से 28 नवंबर तक प्रदेशभर में विद्यालयों, कार्यालयों, विकासखंडों एवं तहसील स्तर पर मॉक ड्रिल, प्रशिक्षण और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। 27 नवंबर को सचिवालय स्थित विश्वकर्मा भवन के वीर चंद्र सिंह गढ़वाली सभागार में मुख्य कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी प्रतिभाग करेंगे।

आपदा प्रबंधन के लिए अलग विभाग बनाने वाला देश का पहला राज्य

आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में संस्थागत व्यवस्था को मजबूत करने के लिए उत्तराखण्ड ने महत्वपूर्ण पहल की है। राज्य देश का पहला प्रदेश बना, जहां आपदा प्रबंधन के लिए पृथक विभाग स्थापित किया गया। वर्ष 2007 में उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) का गठन किया गया। इसके बाद वर्ष 2014 में राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की स्थापना की गई। वर्ष 2025 में इंसिडेंट रिस्पॉन्स सिस्टम (आईआरएस) को राज्य, जनपद और तहसील स्तर तक विस्तारित किया गया। वहीं, वर्ष 2022 में उत्तराखण्ड लैंडस्लाइड मिटिगेशन एंड मैनेजमेंट सेंटर को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में स्थापित किया गया।

आधुनिक तकनीक से मजबूत हुई पूर्व चेतावनी प्रणाली

आपदा के समय समय रहते सूचना पहुंचाने और संभावित खतरे की निगरानी के लिए प्रदेश में आधुनिक संचार एवं चेतावनी तंत्र विकसित किया गया है। मोबाइल नेटवर्क के माध्यम से कॉमन अलर्ट प्रोटोकॉल, ईआरएसएस-112, पुलिस एवं वन विभाग के वायरलेस नेटवर्क, ई-मेल और सोशल मीडिया के जरिए बहुस्तरीय चेतावनी प्रणाली संचालित की जा रही है।

राज्य में 434 से अधिक सैटेलाइट फोन उपलब्ध कराए गए हैं, जबकि भूदेव एवं सचेत ऐप के माध्यम से भी आपदा संबंधी सूचनाएं प्रसारित की जा रही हैं। सेल ब्रॉडकास्ट आधारित चेतावनी प्रणाली का सफल परीक्षण किया गया है, जिसके माध्यम से बिना इंटरनेट और किसी ऐप के सीधे मोबाइल फोन पर अलर्ट भेजना संभव होगा।

प्रदेश में कुल 525 हाइड्रो-मौसमी सेंसर स्थापित किए गए हैं, जिनमें 432 मौसम सेंसर, 87 हाइड्रोलॉजिकल सेंसर, 3 डॉप्लर वेदर रडार और 3 लाइटनिंग सेंसर शामिल हैं। यह नेटवर्क मौसम, वर्षा, जलस्तर और संभावित आपदा परिस्थितियों की निगरानी में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

2.69 लाख से अधिक लोगों को दिया गया आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण

आपदा के समय स्थानीय समुदाय की भूमिका को महत्वपूर्ण मानते हुए सरकार प्रशिक्षण एवं जनभागीदारी पर विशेष ध्यान दे रही है। नागरिकों, स्कूली बच्चों, एनसीसी, एनएसएस, भारत स्काउट्स एंड गाइड्स तथा माई भारत स्वयंसेवकों को आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण से जोड़ा गया है।

वर्ष 2020-21 से 2025-26 तक प्रदेश में 2,339 प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें 2,69,038 प्रतिभागियों को प्रशिक्षित किया गया। अकेले वर्ष 2025-26 में 972 कार्यक्रमों के माध्यम से 1,19,497 लोगों को प्रशिक्षण दिया गया। युवा आपदा मित्र और आपदा सखी योजनाओं के माध्यम से स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षित स्वयंसेवकों का नेटवर्क तैयार किया जा रहा है, जिससे आपदा के समय त्वरित सहायता और बचाव कार्यों में जनसहभागिता बढ़ सके।

वैज्ञानिक जोखिम आकलन और मॉक ड्रिल से बढ़ी तैयारी

आपदा संभावित क्षेत्रों की पहचान और जोखिम को कम करने के लिए जीआईएस आधारित मानचित्रण, बाढ़ एवं जलभराव आकलन और संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी व्यवस्था विकसित की गई है। ग्लेशियल झीलों के जोखिम का वैज्ञानिक आकलन भी किया जा रहा है। चमोली जिले के वसुधारा ताल में राज्य की पहली सेंसर आधारित ग्लेशियल लेक पूर्व चेतावनी प्रणाली स्थापित की गई है।

वर्ष 2025-26 में वनाग्नि, चारधाम यात्रा, बाढ़, भूकंप और मानसून जैसी परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न मॉक ड्रिल आयोजित की गईं। 2 जुलाई 2026 को राज्य स्तरीय मानसून मॉक ड्रिल भी आयोजित कर संबंधित विभागों की तैयारी, समन्वय और प्रतिक्रिया क्षमता का परीक्षण किया गया।

राहत एवं बचाव ढांचे का विस्तार

आपदा के दौरान सड़क संपर्क, सुरक्षित आवागमन और राहत पहुंचाने के लिए यूएसडीआरएफ परियोजना के अंतर्गत 36 पुलों का निर्माण, 8 सड़कों पर सड़क सुरक्षा कार्य, आपदा आश्रयों का निर्माण और राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र का सुदृढ़ीकरण किया जा रहा है। इसके साथ ही हाइड्रोमेट एवं पूर्व चेतावनी तंत्र को मजबूत करने, एसडीआरएफ को आधुनिक खोज एवं बचाव उपकरण उपलब्ध कराने तथा 18 फायर स्टेशन/प्रशिक्षण केंद्रों के निर्माण एवं उपकरणों की व्यवस्था पर भी कार्य किया जा रहा है।

जीआईएस, हाइड्रोमेट सेंसर, डॉप्लर रडार, लाइटनिंग सेंसर, सीसीटीवी, सैटेलाइट फोन और सेल ब्रॉडकास्ट जैसी तकनीकों को आपदा प्रबंधन व्यवस्था में शामिल किया गया है। राजस्व, पुलिस, अग्निशमन, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, जल पुलिस, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, कृषि और सिंचाई सहित विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को भी बेहतर बनाया गया है।

आपदा प्रभावितों को मिलने वाली सहायता राशि में बढ़ोतरी

आपदा प्रभावित परिवारों को आर्थिक राहत उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अनुरोध पर केंद्र सरकार द्वारा एसडीआरएफ एवं एनडीआरएफ के अंतर्गत विभिन्न सहायता मदों के मानकों में उल्लेखनीय वृद्धि की गई है।

प्रमुख सहायता राशि में संशोधन के अनुसार आपदा में मृत्यु होने पर अनुग्रह सहायता 4 लाख रुपये से बढ़ाकर 8 लाख रुपये प्रति मृतक कर दी गई है। 60 प्रतिशत से अधिक गंभीर दिव्यांगता की स्थिति में सहायता 2.50 लाख रुपये से बढ़ाकर 3.20 लाख रुपये की गई है। वर्षा आधारित फसलों के लिए सहायता 8,500 रुपये से बढ़ाकर 11,000 रुपये प्रति हेक्टेयर, सुनिश्चित सिंचाई वाली फसलों के लिए 17,000 रुपये से बढ़ाकर 22,000 रुपये तथा बारहमासी एवं बागवानी फसलों के लिए 22,500 रुपये से बढ़ाकर 30,000 रुपये प्रति हेक्टेयर की गई है।

पशुधन हानि पर भी सहायता राशि बढ़ाई गई है। बड़े पशुओं की क्षति पर 37,500 रुपये से बढ़ाकर 50,000 रुपये प्रति पशु और छोटे पशुओं के लिए 4,000 रुपये से बढ़ाकर 5,100 रुपये प्रति पशु सहायता निर्धारित की गई है। पोल्ट्री क्षति पर सहायता 100 रुपये से बढ़ाकर 130 रुपये प्रति पक्षी की गई है।

मकान क्षति के मामलों में मैदानी क्षेत्रों में पूर्णतः क्षतिग्रस्त मकान के लिए सहायता 1.20 लाख रुपये से बढ़ाकर 1.60 लाख रुपये तथा पर्वतीय एवं दुर्गम क्षेत्रों में 1.30 लाख रुपये से बढ़ाकर 1.70 लाख रुपये की गई है। आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त पक्के मकान के लिए सहायता 6,500 रुपये से बढ़ाकर 8,500 रुपये और कच्चे मकान के लिए 4,000 रुपये से बढ़ाकर 5,500 रुपये की गई है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड सरकार आपदा प्रबंधन को आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, मजबूत संस्थागत व्यवस्था और प्रशिक्षित जनशक्ति के साथ विकसित करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। पूर्व तैयारी से लेकर राहत, बचाव और पुनर्वास तक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने के प्रयास प्रदेश को आपदा के प्रति अधिक सक्षम, सुरक्षित और जागरूक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top