टिहरी के राजेश सजवाण ने शहर की नौकरी छोड़ गांव में शुरू की सेब की बागवानी, सालाना कमा रहे 8 से 10 लाख रुपये
सोलर वाटर लिफ्टिंग पंप से बंजर खेतों में लहलहा रही सब्जियों की फसल, 100 से अधिक किसान भी हुए प्रेरित
टिहरी। पहाड़ में रोजगार की तलाश में गांव छोड़कर शहरों का रुख करने वाले युवाओं के लिए जौनपुर विकासखंड के ग्राम मीरीया, पट्टी लालूर निवासी राजेश सजवाण एक प्रेरणास्रोत बनकर उभरे हैं। कभी होटल में नौकरी करने वाले राजेश ने उत्तराखंड सरकार की एप्पल मिशन योजना और उद्यान विभाग के सहयोग से गांव लौटकर सेब की बागवानी शुरू की। आज 1000 सेब के पौधों से विकसित उनका बगीचा सालाना 8 से 10 लाख रुपये की आय का जरिया बन चुका है। इतना ही नहीं, उनके प्रयासों से गांव में ही 8 से 10 लोगों को रोजगार मिल रहा है।
80 प्रतिशत सरकारी अनुदान से शुरू किया स्वरोजगार का सफर
राजेश सजवाण ने वर्ष 2021-22 में एप्पल मिशन योजना के तहत 500 सेब के पौधे लगाए। इसके बाद वर्ष 2023-24 में 500 और पौधों का रोपण किया। इस प्रकार उन्होंने कुल 1000 पौधों से सेब का बगीचा तैयार किया। योजना के तहत उन्हें 80 प्रतिशत सरकारी अनुदान मिला, जबकि शेष 20 प्रतिशत धनराशि उन्होंने स्वयं लगाई। शुरुआती दौर में क्षेत्र के लोगों को यहां सेब की बागवानी की सफलता पर संदेह था, लेकिन राजेश ने अपनी मेहनत और लगन से इस सोच को बदल दिया।
8 से 10 लाख की सालाना आय, गांव में बढ़े रोजगार के अवसर
आज सेब की बागवानी से राजेश की सालाना आय लगभग 8 से 10 लाख रुपये तक पहुंच गई है। उनके बगीचे में काम के लिए गांव के ही 8 से 10 लोगों को रोजगार मिल रहा है। उनकी सफलता से प्रेरित होकर आसपास के किसानों ने भी सेब की बागवानी अपनाई है। राजेश के अनुसार, क्षेत्र में अब तक 100 से अधिक सेब के बगीचे विकसित हो चुके हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में बागवानी आधारित स्वरोजगार की नई संभावनाएं पैदा हुई हैं।
सोलर पंप ने बदली खेती की तस्वीर, बंजर खेतों में हो रहा सब्जी उत्पादन
सेब की बागवानी के साथ राजेश ने सिंचाई की समस्या का भी समाधान तलाशा। पहले पानी की कमी के कारण कई खेत बंजर पड़े रहते थे। इसके बाद लघु सिंचाई विभाग और राज्य सरकार के सहयोग से सोलर वाटर लिफ्टिंग पंप स्थापित कराया गया। इससे खेतों तक पानी पहुंचने लगा और अब मटर, शिमला मिर्च तथा टमाटर जैसी सब्जियों का उत्पादन किया जा रहा है। सौर ऊर्जा आधारित सिंचाई सुविधा से खेती के नए रास्ते खुले हैं और किसानों की बारिश पर निर्भरता भी कम हुई है।
एप्पल मिशन से किसानों को मिल रहा तकनीकी सहयोग
जिला उद्यान अधिकारी पंकज पटवाल ने बताया कि जनपद में वर्ष 2020-21 से एप्पल मिशन योजना संचालित की जा रही है। इसके तहत एमएम-111 एवं एम-9 प्रजाति के सेब के पौधों का निर्धारित मानकों के अनुसार रोपण कराया जाता है। पात्र किसानों को अनुदान के साथ तकनीकी सहयोग भी उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं से पर्वतीय क्षेत्रों में आधुनिक बागवानी को बढ़ावा मिल रहा है, जिससे किसानों की आय बढ़ने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी विकसित हो रहे हैं।
युवाओं को दिया संदेश, गांव में भी हैं आत्मनिर्भर बनने के अवसर
राजेश सजवाण का कहना है कि पहाड़ के युवाओं को अपनी जमीन और स्थानीय संसाधनों का सदुपयोग कर कृषि एवं बागवानी को स्वरोजगार के रूप में अपनाना चाहिए। उनका मानना है कि मेहनत, सही तकनीक और सरकारी योजनाओं के सहयोग से गांव में रहकर भी अच्छी आजीविका खड़ी की जा सकती है।
राजेश सजवाण की यह सफलता पलायन के बीच गांव लौटकर आत्मनिर्भर बनने की प्रेरक कहानी है। सेब की बागवानी, सौर ऊर्जा से सिंचाई और सब्जी उत्पादन को जोड़कर उन्होंने न केवल अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत की, बल्कि गांव के अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर तैयार किए हैं। उनकी पहल साबित करती है कि सही दिशा और मेहनत से पहाड़ की जमीन को रोजगार और समृद्धि का आधार बनाया जा सकता है।


