बुजुर्गों, विधवाओं, दिव्यांगों समेत विभिन्न पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों के खातों में पहुंची राशि
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत विभिन्न पेंशन योजनाओं के 9 लाख 87 हजार 17 लाभार्थियों को जुलाई 2026 की पेंशन राशि का भुगतान किया। सरकार की ओर से कुल 146 करोड़ 32 लाख 50 हजार रुपये की राशि लाभार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से सीधे हस्तांतरित की गई।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। पेंशन राशि का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से सीधे लाभार्थियों के खातों में हस्तांतरण किया जा रहा है, ताकि पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी परेशानी के मिल सके।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज का कमजोर वर्ग सरकार के परिवार का हिस्सा है। किसी बुजुर्ग माता-पिता, विधवा बहन या दिव्यांग भाई को पेंशन के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए सरकार लगातार व्यवस्था को सरल और पारदर्शी बना रही है।
वृद्धावस्था पेंशन के 6.15 लाख से अधिक लाभार्थी
जुलाई 2026 में वृद्धावस्था पेंशन के 6,15,628 लाभार्थियों को 1,500 रुपये प्रतिमाह की दर से कुल 92.34 करोड़ रुपये वितरित किए गए। वहीं विधवा पेंशन के 2,36,983 लाभार्थियों को 1,500 रुपये प्रतिमाह की दर से 35.54 करोड़ रुपये की धनराशि दी गई।
इसके अलावा दिव्यांग पेंशन के 89,128 लाभार्थियों को 1,500 रुपये की दर से 13.36 करोड़ रुपये वितरित किए गए। किसान पेंशन के 27,288 लाभार्थियों को 1,200 रुपये की दर से 3.20 करोड़ रुपये की राशि प्रदान की गई।
परित्यक्ता पेंशन के 8,284 लाभार्थियों को 1,200 रुपये की दर से 99.408 लाख रुपये, भरण-पोषण अनुदान के 7,383 लाभार्थियों को 700 रुपये की दर से 51.68 लाख रुपये, तीलू रौतेली पेंशन के 2,196 लाभार्थियों को 1,200 रुपये की दर से 26.35 लाख रुपये तथा बौना पेंशन के 127 लाभार्थियों को 1,200 रुपये की दर से 1.524 लाख रुपये की धनराशि वितरित की गई।
NSAP के 2.15 लाख पेंशनर भी शामिल
समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने बताया कि जुलाई 2026 की पेंशन किश्त का भुगतान किया गया है। कुल लाभार्थियों में ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार के राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (NSAP) के करीब 2.15 लाख पेंशनर भी शामिल हैं। इन लाभार्थियों को वर्तमान में SNA स्पर्श नामक नवीन प्रणाली के माध्यम से भुगतान किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ की भावना के साथ उत्तराखंड को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य का वास्तविक विकास तभी संभव है, जब समाज के प्रत्येक वर्ग का विकास सुनिश्चित हो।
इस अवसर पर सचिव समाज कल्याण श्री श्रीधर बाबू अद्दांकी, निदेशक जनजाति कल्याण श्री संजय टोलिया, अपर सचिव श्री सुन्दरलाल सेमवाल, निदेशक श्री संजय कुमार, अपर निदेशक श्री योगेंद्र रावत, संयुक्त निदेशक श्री जी.आर. नौटियाल, श्री गोवर्धन सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
