Breaking News
प्रवासी उत्तराखंडियों के अनुभव और सहयोग से साकार होगा विकसित उत्तराखंड का संकल्प: मुख्यमंत्री धामी
बैंकिंग सेवाओं का होगा विस्तार, साइबर अपराधों पर सख्ती और रोजगार सृजन पर जोर : मुख्य सचिव
हरिद्वार में आधुनिक ‘कामधेनुलोक’ गौशाला का लोकार्पण, 16 हजार से अधिक निराश्रित गोवंश को मिल रहा संरक्षण : मुख्यमंत्री धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिवराज सिंह चौहान की माताजी को अर्पित की श्रद्धांजलि, शोकाकुल परिवार को बंधाया ढांढस
विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद हुए बाबा केदारनाथ धाम के कपाट, चारधाम यात्रा ने बनाया नया कीर्तिमान
12 नवंबर से शुरू होगी शीतकालीन चारधाम यात्रा, शीतकालीन प्रवास स्थलों पर होंगे श्रद्धालुओं को दर्शन
बॉक्स ऑफिस पर ‘रामायण’ का ऐतिहासिक धमाका, 5 दिन में दुनियाभर से कमाए 663 करोड़ रुपये
गोवर्धन पूजा पर मुख्यमंत्री धामी ने की गौ माता की पूजा-अर्चना, प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना
माँ मनसा देवी की कृपा से महकेगा जीवन, पावन मंगलवार पर भक्तों ने की सुख-समृद्धि की कामना 🙏

हरिद्वार में आधुनिक ‘कामधेनुलोक’ गौशाला का लोकार्पण, 16 हजार से अधिक निराश्रित गोवंश को मिल रहा संरक्षण : मुख्यमंत्री धामी

गौसेवा आस्था और संस्कृति का अभिन्न अंग, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका : धामी

प्रदेश में 72 पंजीकृत और 9 अनुबंधित गोसदनों के माध्यम से हो रहा गोवंश का संरक्षण

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को सप्तऋषि, हरिद्वार स्थित कामधेनुलोक भवन में आधुनिक ‘कामधेनुलोक’ गौशाला का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने श्री कृष्णायन देसी गौरक्षाशाला द्वारा गौसेवा, गोवंश संरक्षण एवं मानव सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि गौसेवा भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का अभिन्न अंग है। गौसंरक्षण केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक खेती और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने का भी प्रभावी माध्यम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में गौसंरक्षण, देसी नस्लों के संवर्धन और प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित किया जा रहा है। उत्तराखंड सरकार भी निराश्रित गोवंश को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराने और गौ आधारित आजीविका को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। वर्तमान में प्रदेश के 72 पंजीकृत एवं 9 अनुबंधित गोसदनों के माध्यम से 16 हजार से अधिक निराश्रित गोवंश को संरक्षण दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि ग्राम्य गोसेवक योजना को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया गया है। इसके साथ ही प्रदेश में 63 स्थानों पर गौशाला निर्माण के लिए भूमि चिह्नित की गई है। सरकार का उद्देश्य गांवों के स्तर पर भी गौसेवा एवं संरक्षण की व्यवस्था को मजबूत करना है।

मुख्यमंत्री ने श्री कृष्णायन देसी गौरक्षाशाला की सेवा यात्रा की सराहना करते हुए कहा कि वर्ष 2010 में मात्र 11 गोवंश से शुरू हुआ यह अभियान आज पांच राज्यों में 15 से अधिक गौशालाओं के माध्यम से 35 हजार से अधिक गोवंश की सेवा कर रहा है। संस्था की पांच हाइड्रोलिक गौसेवा एम्बुलेंस अब तक पांच हजार से अधिक गोवंश को बचाकर सुरक्षित आश्रय तक पहुंचा चुकी हैं। संस्था प्रतिदिन 1500 से अधिक जरूरतमंद लोगों को भोजन भी उपलब्ध करा रही है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बद्री गाय के शुद्ध घी एवं अन्य दुग्ध उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रयास कर रही है। चमोली जनपद में तीन ग्रोथ सेंटर संचालित किए जा रहे हैं, जिससे स्थानीय पशुपालकों को रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर मिल रहे हैं। गौपालन के माध्यम से ग्रामीण परिवारों, विशेषकर मातृशक्ति को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि निराश्रित गोवंश का संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी है। गौसंरक्षण को प्राकृतिक खेती, जैविक खाद, बायोगैस और कृषि नवाचारों से जोड़ने की आवश्यकता है, ताकि गोवंश संरक्षण के साथ किसानों की आय और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि गोवंश के प्रति क्रूरता और गौहत्या जैसी गैरकानूनी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने वर्ष 2027 में हरिद्वार में आयोजित होने वाले कुंभ मेले की तैयारियों का उल्लेख करते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सड़क, यातायात, नए पुलों, संपर्क मार्गों और अन्य आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। सुरक्षा, स्वास्थ्य, आपातकालीन सेवाओं और आधुनिक तकनीक आधारित भीड़ प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आधुनिक कामधेनुलोक गौशाला गौसेवा, पर्यावरण संरक्षण और आध्यात्मिक पर्यटन के समन्वय का अनुकरणीय मॉडल बनेगी। मुख्यमंत्री ने इस पुनीत कार्य के लिए श्री कृष्णायन देसी गौरक्षाशाला से जुड़े संतों, सेवकों, पदाधिकारियों एवं सहयोगियों को बधाई दी।

इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, मदन कौशिक एवं प्रदीप बत्रा, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक प्रेमचंद अग्रवाल एवं प्रीतम सिंह पंवार सहित अनेक संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top