Breaking News
पत्रकारिता की स्वतंत्रता और विश्वसनीयता लोकतंत्र की पहचान: गिरीश पंत
बदरीनाथ धाम के कपाट आज रात्रि 9:37 बजे होंगे बंद, रावल निभाएंगे स्त्री वेश धारण करने की अनूठी परंपरा
शीतकाल के लिए बंद हुए द्वितीय केदार मध्यमहेश्वर धाम के कपाट, अब ओंकारेश्वर मंदिर में होंगे दर्शन
मुख्यमंत्री धामी ने छठ महापर्व पर भगवान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर की प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना
मुख्यमंत्री धामी ने सपरिवार की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की स्व-गणना, प्रदेशवासियों से की सक्रिय भागीदारी की अपील
प्रवासी उत्तराखंडियों के अनुभव और सहयोग से साकार होगा विकसित उत्तराखंड का संकल्प: मुख्यमंत्री धामी
बैंकिंग सेवाओं का होगा विस्तार, साइबर अपराधों पर सख्ती और रोजगार सृजन पर जोर : मुख्य सचिव
हरिद्वार में आधुनिक ‘कामधेनुलोक’ गौशाला का लोकार्पण, 16 हजार से अधिक निराश्रित गोवंश को मिल रहा संरक्षण : मुख्यमंत्री धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिवराज सिंह चौहान की माताजी को अर्पित की श्रद्धांजलि, शोकाकुल परिवार को बंधाया ढांढस

पत्रकारिता की स्वतंत्रता और विश्वसनीयता लोकतंत्र की पहचान: गिरीश पंत

पत्रकारों को आज कई मोर्चों पर करना पड़ रहा संघर्ष: उमाशंकर प्रवीण मेहता

राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर जर्नलिस्ट यूनियन ऑफ उत्तराखंड ने आयोजित की विचार गोष्ठी, पत्रकारिता की चुनौतियों और प्रेस की स्वतंत्रता पर हुई चर्चा

देहरादून। राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर जर्नलिस्ट यूनियन ऑफ उत्तराखंड की ओर से परेड ग्राउंड स्थित उज्ज्वल फूड्स में विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में पत्रकारिता की वर्तमान चुनौतियों, प्रेस की स्वतंत्रता, पत्रकारों की सुरक्षा और लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाए रखने के लिए निष्पक्ष, निर्भीक और जिम्मेदार पत्रकारिता बेहद जरूरी है।

कार्यक्रम में यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष उमाशंकर प्रवीण मेहता ने कहा कि वर्तमान दौर में पत्रकारिता केवल खबर जुटाने और प्रकाशित करने तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि पत्रकारों को कई मोर्चों पर संघर्ष करना पड़ रहा है। छोटे और क्षेत्रीय समाचार पत्रों, डिजिटल पोर्टलों तथा स्थानीय पत्रकारों के सामने संसाधनों की कमी, सीमित वेतन, विज्ञापन पर निर्भरता और रोजगार की अनिश्चितता जैसी गंभीर चुनौतियां हैं। कई पत्रकार पर्याप्त पारिश्रमिक और सुरक्षा के अभाव में काम करने को मजबूर हैं। ऐसे में पत्रकारों से निर्भीक एवं स्वतंत्र पत्रकारिता की अपेक्षा करना, लेकिन उनके आर्थिक और सामाजिक संरक्षण की अनदेखी करना उचित नहीं है।

यूनियन के प्रदेश महामंत्री गिरीश पंत ने कहा कि राष्ट्रीय प्रेस दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और जिम्मेदार प्रेस की महत्वपूर्ण भूमिका को समझने तथा पत्रकारों को उनके दायित्वों का स्मरण कराने का दिन है। लोकतंत्र की रोशनी बनाए रखने के लिए आवश्यक है कि प्रेस बिना किसी डर, लालच अथवा बाहरी दबाव के अपना काम करे और सच्चाई को जनता के सामने रखे।

उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में फेक न्यूज, पेड न्यूज और सोशल मीडिया के बढ़ते दबाव के बीच तथ्यात्मक एवं निष्पक्ष पत्रकारिता करना बड़ी चुनौती बन गया है। पत्रकारिता का धर्म किसी राजनीतिक दल, सरकार, संगठन या व्यक्ति के प्रति निष्ठा रखना नहीं, बल्कि संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनता के प्रति जवाबदेह रहना है। पत्रकारों को सत्ता से सवाल पूछने का साहस रखना चाहिए, लेकिन तथ्यों और मर्यादा के साथ। सरकार और विपक्ष दोनों का पक्ष जनता के सामने आना चाहिए, मगर पत्रकार किसी का पक्षकार नहीं होना चाहिए।

यूनियन के पूर्व जिलाध्यक्ष मोहम्मद शाहनजर ने रिपोर्टर्स विदाउट बॉर्डर्स के वर्ष 2026 के विश्व प्रेस स्वतंत्रता सूचकांक का उल्लेख करते हुए बताया कि भारत 180 देशों में 157वें स्थान पर रहा है, जबकि वर्ष 2025 में भारत 151वें स्थान पर था। उन्होंने भारतीय प्रेस परिषद की वर्ष 2025 की वार्षिक रिपोर्ट का हवाला देते हुए बताया कि परिषद को कुल 1,300 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें 181 शिकायतें सरकारी अधिकारियों के विरुद्ध प्रेस की स्वतंत्रता के कथित उल्लंघन से संबंधित थीं, जबकि 1,119 शिकायतें मीडिया संस्थानों और पत्रकारों के खिलाफ पत्रकारिता की नैतिकता के उल्लंघन को लेकर थीं। उन्होंने कहा कि ये आंकड़े प्रेस की स्वतंत्रता के साथ-साथ मीडिया की विश्वसनीयता और नैतिक जिम्मेदारी को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े करते हैं।

गोष्ठी में उत्तराखंड में पत्रकारों के सामने आई चुनौतियों और विभिन्न घटनाओं पर भी चर्चा हुई। वक्ताओं ने पौड़ी के पत्रकार आशुतोष नेगी की मार्च 2024 में हुई गिरफ्तारी, हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र में फरवरी 2024 की हिंसा और कार्रवाई के दौरान पत्रकारों को निशाना बनाए जाने के आरोपों, उत्तरकाशी के पत्रकार राजीव प्रताप की मौत तथा सुनील नवप्रभात, हेम भट्ट पर हुए हमलों का उल्लेख किया। इसके अलावा अफरोज खान और समर अब्बास की सोशल मीडिया पोस्ट हटाए जाने के मामलों को भी उठाया गया।

इस अवसर पर हैदराबाद में पिछले माह आयोजित राष्ट्रीय महिला पत्रकार सम्मेलन में शामिल होकर लौटीं यूनियन की पदाधिकारी ललिता बलूनी, ज्योति भट्ट ध्यानी और रक्षा शर्मा ने सम्मेलन के अपने अनुभव साझा किए।

यूनियन के जिलाध्यक्ष मूलचंद शीर्षवाल ने कहा कि स्वतंत्र प्रेस समाज में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इससे लोकतंत्र मजबूत होता है। उन्होंने पत्रकारों से अपील की कि समाचारों को प्रकाशित करने से पहले तथ्यों और उनकी सत्यता की पूरी जांच करें। किसी भी प्रकार के दबाव में काम करने से बचें और भ्रामक खबरों को स्थान न दें।

गोष्ठी की अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ पत्रकार द्विजेन्द्र दत्त बहुगुणा ने अपने लंबे पत्रकारिता जीवन के अनुभव और संस्मरण साझा करते हुए पत्रकारिता के मूल्यों एवं जिम्मेदारियों पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष उमाशंकर प्रवीण मेहता, प्रदेश महामंत्री गिरीश पंत, प्रदेश कोषाध्यक्ष ललिता बलूनी, पूर्व जिलाध्यक्ष मोहम्मद शाहनजर, जिलाध्यक्ष मूलचंद शीर्षवाल, जिला महामंत्री ज्योति भट्ट ध्यानी, अधीर मुखर्जी, दीपक गुप्ता, नवीन बधानी, रक्षा शर्मा, अनुराधा दौड़ियाल, वीरेंद्र दत्त गैरोला, समीना, राजेंद्र वर्मा (प्रदेश उपाध्यक्ष), किशन सिंह गुसाईं, सुरेंद्र कोठियाल, रजनीश सैनी, शोभाराम, आरिफ खान, एसपी उनियाल, दीपिका आनंद, राजीव आनंद, कंवर सिंह सिंद्धू, वीरेश रोहिला, विजया लक्ष्मी तिवारी, मोहम्मद खालिद, अफरोज खान सहित यूनियन के अनेक पदाधिकारी एवं पत्रकार उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top