छह माह के लिए शीतकालीन प्रवास पर विराजमान होंगे भगवान बदरी विशाल, कपाट बंद होने से पहले संपन्न होंगी विशेष धार्मिक परंपराएं
चमोली। उत्तराखंड के प्रसिद्ध श्री बदरीनाथ धाम के कपाट आज सोमवार, 16 नवंबर को रात्रि 9 बजकर 37 मिनट पर विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। कपाट बंद होने के साथ ही इस वर्ष की चारधाम यात्रा का भी औपचारिक समापन हो जाएगा। इस पावन अवसर पर बदरीनाथ मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान किए जा रहे हैं। वहीं, कपाट बंद होने से पहले मंदिर के मुख्य पुजारी (रावल) द्वारा स्त्री वेश धारण करने की प्राचीन परंपरा भी निभाई जाएगी।
कपाट बंद होने के अवसर पर बदरीनाथ धाम को फूलों से भव्य रूप से सजाया गया है। भगवान बदरी विशाल के अंतिम दर्शन करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु धाम पहुंचे हैं। मंदिर परिसर में सेना के बैंड की मधुर धुनों और ‘जय बदरी विशाल’ के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।
बदरीनाथ धाम के कपाट बंद करने की तिथि की घोषणा गत 20 अक्टूबर को विजयादशमी के अवसर पर की गई थी। मंदिर परिसर में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम के दौरान पंचांग गणना और परंपरागत धार्मिक प्रक्रियाओं के अनुसार कपाट बंद होने का शुभ मुहूर्त निर्धारित किया गया था।
कपाट बंद होने से पहले मंदिर में पांच दिनों से चल रही पंच पूजाओं का आज समापन होगा। निर्धारित परंपरा के अनुसार मुख्य पुजारी रावल स्त्री वेश धारण कर माता लक्ष्मी के विग्रह को भगवान बदरी विशाल के गर्भगृह में विराजमान कराएंगे। इसके बाद भगवान बदरी विशाल को घृत कंबल ओढ़ाया जाएगा। गर्भगृह में अखंड ज्योति प्रज्वलित करने के बाद रात्रि 9 बजकर 37 मिनट पर मंदिर के मुख्य कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे।
मंगलवार को भगवान उद्धव जी, कुबेर जी और आदि गुरु शंकराचार्य की गद्दी अपने शीतकालीन प्रवास स्थलों पांडुकेश्वर और ज्योतिर्मठ (जोशीमठ) के लिए प्रस्थान करेगी। अगले छह महीनों तक श्रद्धालु पांडुकेश्वर स्थित योगध्यान बदरी मंदिर और जोशीमठ स्थित नृसिंह मंदिर में शीतकालीन पूजा-अर्चना के माध्यम से भगवान बदरी विशाल के दर्शन एवं आराधना कर सकेंगे।
क्या है रावल के स्त्री वेश धारण करने की परंपरा?
बदरीनाथ धाम में कपाट बंद होने से पहले रावल द्वारा स्त्री वेश धारण करने की परंपरा विशेष धार्मिक महत्व रखती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार भगवान उद्धव जी को भगवान श्रीकृष्ण का प्रिय सखा और आयु में उनसे बड़ा माना जाता है। इस कारण उन्हें माता लक्ष्मी का जेठ माना जाता है। परंपरा के अनुसार बहू अपने जेठ के सामने नहीं आती हैं। इसलिए उद्धव जी के गर्भगृह से बाहर जाने के बाद ही माता लक्ष्मी को वहां विराजमान कराया जाता है।
माता लक्ष्मी के विग्रह को गर्भगृह तक ले जाने के लिए रावल सखी अर्थात महिला का वेश धारण करते हैं। इसके पीछे धार्मिक मान्यता यह है कि माता लक्ष्मी के विग्रह को किसी पराए पुरुष का स्पर्श न हो। सदियों से चली आ रही यह अनूठी परंपरा आज भी पूरी श्रद्धा और धार्मिक मर्यादा के साथ निभाई जाती है।


