नई दिल्ली। टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (TRAI) ने ग्राहकों को फर्जी कॉल और साइबर धोखाधड़ी से बचाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए 1601 सीरीज़ के फोन नंबर शुरू किए हैं। इन नंबरों का इस्तेमाल बिजली, पानी, सिटी गैस, LPG, कूरियर, पार्सल और लॉजिस्टिक्स कंपनियां सर्विस एवं ट्रांजैक्शन से जुड़ी कॉल्स के लिए करेंगी।
इस पहल का उद्देश्य ग्राहकों को असली सर्विस कॉल की पहचान करने में मदद करना और सामान्य 10 अंकों वाले मोबाइल नंबरों से की जाने वाली फर्जी कॉल्स पर रोक लगाना है। इससे ग्राहकों के बीच सर्विस और ट्रांजैक्शन से जुड़ी वॉइस कॉल्स को लेकर भरोसा बढ़ेगा।
TRAI के अनुसार, पहले चरण में 1601 सीरीज़ बिजली वितरण कंपनियों, जल आपूर्ति कंपनियों, सिटी गैस कंपनियों, LPG वितरकों, कूरियर एवं पार्सल डिलीवरी सेवाओं तथा लॉजिस्टिक्स कंपनियों के लिए उपलब्ध होगी।
1601 नंबर सीधे पात्र कंपनियों को आवंटित किए जाएंगे। टेलीकॉम सर्विस प्रोवाइडर नंबर जारी करने से पहले संबंधित कंपनियों का सत्यापन करेंगे। पात्र कंपनियों को ऑनबोर्डिंग और माइग्रेशन प्रक्रिया पूरी करने के लिए 90 दिनों का समय दिया गया है।
TRAI ने यह भी स्पष्ट किया है कि 1601 नंबरों का इस्तेमाल सिर्फ सर्विस और ट्रांजैक्शन से जुड़ी कॉल्स के लिए किया जाएगा। इन नंबरों से किसी भी प्रकार की प्रमोशनल वॉइस कॉल करने की अनुमति नहीं होगी।
गौरतलब है कि BFSI (बैंकिंग, फाइनेंशियल सर्विसेज और इंश्योरेंस) तथा सरकारी संस्थाओं की सर्विस एवं ट्रांजैक्शन कॉल्स के लिए पहले से 1600 सीरीज़ का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसी व्यवस्था को आगे बढ़ाते हुए अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों के लिए 1601 सीरीज़ शुरू की गई है।
