देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को कुंवावाला, देहरादून में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 137वें संस्करण को सुना। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ देशवासियों को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने का प्रभावी माध्यम बन गया है।
सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने और ‘नशा मुक्त युवा-विकसित भारत’ के संकल्प को जनआंदोलन बनाने का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि नशामुक्त युवा ही सशक्त और विकसित भारत की मजबूत नींव हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने भारत के गौरवशाली इतिहास और विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए किए जा रहे अभिनव प्रयासों का भी उल्लेख किया। ऐसे प्रयास युवाओं को अपनी संस्कृति और विरासत से जोड़ने के साथ राष्ट्र के प्रति गौरव की भावना को मजबूत करते हैं।
उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ के जरिए प्रधानमंत्री देश के विभिन्न क्षेत्रों में सामान्य नागरिकों द्वारा किए जा रहे असाधारण कार्यों, नवाचारों और जनभागीदारी के प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान दे रहे हैं। इससे अन्य लोगों को भी समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की प्रेरणा मिलती है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों, विशेषकर युवाओं से प्रधानमंत्री के संदेशों को जीवन में अपनाने और नशामुक्त, स्वस्थ, सशक्त एवं विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, गणेश जोशी, डॉ. धन सिंह रावत, मदन कौशिक, भरत चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
