PMGSY के तहत 315 सड़कों के प्रस्तावों पर चर्चा, केंद्रीय मंत्री ने जल्द स्वीकृति की दिशा में कार्रवाई का दिया आश्वासन
नई दिल्ली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात कर उत्तराखंड में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत प्रस्तावित सड़कों के निर्माण और उनकी स्वीकृति को लेकर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार से प्रदेश की 315 प्रस्तावित सड़कों को जल्द मंजूरी देने का अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री धामी ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि इन सड़कों के निर्माण से उत्तराखंड की 610 बसावटों को सड़क संपर्क से जोड़ने में मदद मिलेगी। इससे दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को आवागमन के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और अन्य बुनियादी सुविधाओं तक पहुंचने में सहूलियत होगी।
दूरस्थ क्षेत्रों में कनेक्टिविटी को मिलेगा बढ़ावा
सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड की पर्वतीय भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क का विस्तार बेहद महत्वपूर्ण है। सड़क सुविधा बेहतर होने से सीमांत और दुर्गम क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिलेगी तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत प्रस्तावित सड़कों को स्वीकृति मिलने से ग्रामीण आबादी को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
केंद्रीय मंत्री ने दिया जल्द कार्रवाई का आश्वासन
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि उत्तराखंड की ओर से भेजे गए सड़क निर्माण के प्रस्तावों पर जल्द से जल्द स्वीकृति की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री धामी ने केंद्र सरकार के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों को सड़क नेटवर्क से जोड़ना प्रदेश के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इन प्रस्तावों के आगे बढ़ने से दूरस्थ बसावटों की कनेक्टिविटी बेहतर होने और ग्रामीण नागरिकों तक आवश्यक सुविधाएं पहुंचाने में मदद मिलेगी।



