हरिद्वार में 7वें CII उत्तराखंड इंडस्ट्रियल समिट एंड एक्सपो-2026 में मुख्यमंत्री ने गिनाईं औद्योगिक विकास की उपलब्धियां
हरिद्वार, 08 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड में उद्योगों के लिए नियामक के बजाय सहयोगी और सहभागी की भूमिका निभा रही है। सरकार का लक्ष्य प्रदेश में सुरक्षित, पारदर्शी और सरल औद्योगिक व्यवस्था उपलब्ध कराते हुए निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा करना है।
मुख्यमंत्री गुरुवार को हरिद्वार में आयोजित 7वें CII उत्तराखंड इंडस्ट्रियल समिट एंड एक्सपो-2026 में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। उन्होंने कहा कि हरिद्वार आध्यात्मिक नगरी होने के साथ-साथ उत्तराखंड के औद्योगिक विकास का प्रमुख केंद्र भी बनकर उभरा है। इस तरह के आयोजन उद्योग, व्यापार, निवेश और नवाचार को साझा मंच उपलब्ध कराते हैं।
29 हजार से अधिक नई MSME इकाइयां स्थापित
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की उद्योग अनुकूल नीतियों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। पिछले कुछ वर्षों में प्रदेश में 29 हजार से अधिक नई एमएसएमई इकाइयां स्थापित हुई हैं, जिनसे करीब 1.27 लाख युवाओं को रोजगार मिला है। निवेशकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए ‘निवेश मित्र’ व्यवस्था लागू की गई है।
उन्होंने बताया कि सिंगल विंडो सिस्टम को मजबूत करते हुए 26 प्रमुख विभागों की 206 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे उद्यमियों को विभिन्न स्वीकृतियों और सरकारी सेवाओं के लिए सरल और पारदर्शी व्यवस्था मिल रही है।
स्टार्टअप के लिए 200 करोड़ रुपये का वेंचर फंड
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य का युवा केवल नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि दूसरों को रोजगार देने वाला बने, इसके लिए स्टार्टअप और नवाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है। उत्तराखंड स्टार्टअप नीति के तहत स्टार्टअप्स को वित्तीय सहयोग देने के लिए 200 करोड़ रुपये के वेंचर फंड की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने बताया कि ऊधमसिंह नगर के खुरपिया में करीब 1,002 एकड़ क्षेत्र में इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर विकसित किया जा रहा है। इससे प्रदेश में निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित होने की उम्मीद है।
पहाड़ों में भी औद्योगिक विकास पर जोर
धामी ने कहा कि औद्योगिक विकास को केवल मैदानी क्षेत्रों तक सीमित नहीं रखा जा रहा है। चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा में छोटे उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए विशेष औद्योगिक पार्क विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
छोटे उद्यमियों को आधुनिक औद्योगिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हरिद्वार में फ्लैटेड फैक्ट्री विकसित की जा रही है। भविष्य में सेलाकुई और पंतनगर में भी ऐसी सुविधाएं विकसित करने की योजना है।
फार्मा, हर्बल और इंजीनियरिंग सेक्टर में बढ़ रहा उत्तराखंड
मुख्यमंत्री ने कहा कि पारंपरिक उत्पादों, हस्तशिल्प और स्थानीय उद्यमों को बड़े बाजार से जोड़ने पर भी सरकार का विशेष फोकस है। ‘एक जनपद, दो उत्पाद’ जैसी योजनाओं के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि फार्मा, हर्बल, आयुष, इंजीनियरिंग और ऑटो-कंपोनेंट जैसे क्षेत्रों में उत्तराखंड तेजी से आगे बढ़ रहा है।
बिजनेस रिफॉर्म में ‘टॉप अचीवर्स’ श्रेणी
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की उद्योग अनुकूल नीतियों को राष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान मिली है। बिजनेस रिफॉर्म एक्शन प्लान में उत्तराखंड को ‘टॉप अचीवर्स’ श्रेणी में स्थान मिला है। वहीं एक्सपोर्ट प्रिपेयर्डनेस इंडेक्स-2024 में उत्तराखंड ने अपनी श्रेणी में प्रथम स्थान हासिल किया है।
उन्होंने उद्यमियों और निवेशकों से उत्तराखंड में उपलब्ध संभावनाओं का लाभ उठाने तथा निवेश और रोजगार सृजन में भागीदार बनने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार उद्योगों को सुरक्षित वातावरण, पारदर्शी व्यवस्था, सरल प्रक्रियाएं और बेहतर निवेश अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

पुलिस जवानों से भी मिले मुख्यमंत्री
इंडस्ट्रियल समिट में शामिल होने से पहले मुख्यमंत्री ने पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड पर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे पुलिस जवानों से मुलाकात की। उन्होंने जवानों का हालचाल जाना और प्रशिक्षण से जुड़ी जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने जवानों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें पूरी लगन और समर्पण के साथ दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि उद्योग देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए उद्योग जगत को गुणवत्ता और नवाचार के साथ आगे बढ़ना होगा।
कार्यक्रम में रानीपुर विधायक आदेश चौहान, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतिस्वरानंद, शिवालिकनगर नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा, पूर्व मेयर मनोज गर्ग, पूर्व विधायक संजय गुप्ता, राज्य मंत्री आदेश सैनी, विक्रम भुल्लर, CII उत्तराखंड अध्यक्ष संजय अग्रवाल, वाइस चेयरमैन सौरव दास, इंडस्ट्री सेक्रेटरी विनय शंकर पांडे, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, सिडकुल के प्रबंध निदेशक सौरव गहवार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर, CII निदेशक गौरव लांबा, चेयरपर्सन सोनिया, संदीप जैन सहित उद्योग एवं व्यापार जगत के प्रतिनिधि मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने इस दौरान औद्योगिक इकाइयों की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।


