देहरादून: राजपुर थाना क्षेत्र के कैनाल रोड पर शुक्रवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार आई-20 कार ने सड़क किनारे खड़ी स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार 26 वर्षीय महिला नैना राजपूत की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि एक अन्य महिला घायल है।
पुलिस के अनुसार, रात करीब 12:45 बजे 112 के माध्यम से कैनाल रोड पर दुर्घटना की सूचना मिली। सूचना पर राजपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। वहां कार क्षतिग्रस्त हालत में सड़क किनारे खड़ी थी। वहीं स्कूटी भी क्षतिग्रस्त अवस्था में मिलीं।
मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को बताया कि कार चालक ने सड़क किनारे खड़ी स्कूटी और मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी थी। हादसे में स्कूटी पर सवार महिला नैना राजपूत और निधि कश्यप घायल हो गईं। दोनों को तत्काल अस्पताल भेजा गया। नैना राजपूत को मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं निधि कश्यप का दून अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पुलिस ने मौके से कार चालक सुमित यादव (20) निवासी काठबंगला बस्ती भाग-2, राजपुर और उसके साथी हाशिम (24) निवासी सुमन नगर, राजपुर को हिरासत में लिया। पूछताछ में चालक ने बताया कि काठबंगला से कैनाल रोड की ओर आते समय कार के ब्रेक नहीं लगे, जिसके कारण वाहन सड़क किनारे खड़े वाहनों से टकरा गया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर थाने में दाखिल कर दिया है। मृतका के पंचायतनामा की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर घटना की गहन जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान:
नैना राजपूत पत्नी अभिषेक मेहरा, निवासी पोहली, दूधली, डोईवाला, देहरादून, उम्र 26 वर्ष।
गिरफ्तार आरोपी:
1. सुमित यादव पुत्र अखिलेश यादव, निवासी काठबंगला बस्ती भाग-2, राजपुर, देहरादून, उम्र 20 वर्ष।
2. हाशिम पुत्र कासिम, निवासी सुमन नगर, राजपुर, देहरादून, उम्र 24 वर्ष।
