Breaking News
रिखणीखाल सड़क हादसे पर मुख्यमंत्री धामी ने जताया गहरा दुःख, राहत-बचाव कार्य तेज करने के निर्देश
गौ संरक्षण को ग्रामीण अर्थव्यवस्था और प्राकृतिक खेती से जोड़ना समय की जरूरत : धामी
सड़क दुर्घटनाओं पर धामी सख्त, प्रदेशभर में चलेगा विशेष अभियान
आपदा प्रबंधन में हर चुनौती से निपटने के लिए तैयार रहना जरूरी: मदन कौशिक
धामी कैबिनेट के सभी 23 फैसले एक नजर में
धामी ने उत्तराखंड की महत्वाकांक्षी विकास परियोजनाओं को दी रफ्तार, दिसंबर 2026 तक पूरे होंगे हरिद्वार गंगा कॉरिडोर के कई कार्य
मुख्यमंत्री धामी ने किया ‘बेटा हिमालय का’ गीत का विमोचन, उत्तराखंड की विकास यात्रा को मिलेगी नई आवाज
भीमताल झील के पुनर्जीवन की दिशा में धामी सरकार की पहल, चार दिवसीय वैज्ञानिक सर्वेक्षण पूरा
मुख्यमंत्री ने 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को सौंपे नियुक्ति पत्र, 13 बेटियों ने भी हासिल की सफलता

आपदा प्रबंधन में हर चुनौती से निपटने के लिए तैयार रहना जरूरी: मदन कौशिक

1200 से अधिक स्थानों पर आयोजित हुई मॉक ड्रिल, 3000 से ज्यादा जगहों पर चलाए गए जागरूकता कार्यक्रम

कैबिनेट मंत्री ने एसईओसी पहुंचकर राज्य स्तरीय मॉक अभ्यास का किया निरीक्षण, अधिकारियों को कमियां तत्काल दूर करने के निर्देश

देहरादून, 28 नवंबर। उत्तराखंड में आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखने और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार को राज्यव्यापी मॉक अभ्यास आयोजित किया गया। सिल्क्यारा टनल रेस्क्यू अभियान की वर्षगांठ के अवसर पर पहली बार आयोजित आपदा प्रबंधन दिवस के तहत हुए इस अभ्यास में प्रदेश के सभी 13 जनपदों और तहसील स्तर तक गठित घटना प्रतिक्रिया प्रणाली की टीमों ने प्रतिभाग किया।

आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक ने राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) पहुंचकर मॉक अभ्यास का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभ्यास के दौरान सामने आई कमियों और चुनौतियों का गंभीरता से विश्लेषण कर उन्हें समयबद्ध तरीके से दूर किया जाए।

मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि सिल्क्यारा रेस्क्यू अभियान केवल उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए साहस, धैर्य, समन्वय और मानवीय संकल्प की ऐतिहासिक मिसाल है। इस अभियान ने साबित किया कि कठिन से कठिन आपदा की स्थिति में भी सभी एजेंसियां स्पष्ट रणनीति और बेहतर समन्वय के साथ काम करें तो सफलता हासिल की जा सकती है।

उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन दिवस केवल किसी घटना को याद करने का अवसर नहीं, बल्कि उससे मिली सीख को भविष्य की तैयारियों में शामिल करने का संकल्प है। उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण हैं और यहां विभिन्न प्रकार की प्राकृतिक आपदाओं की आशंका बनी रहती है। ऐसे में समय पर चेतावनी, त्वरित प्रतिक्रिया और विभागों के बीच बेहतर तालमेल बेहद जरूरी है।

कौशिक ने कहा कि राज्य में एआई आधारित अर्ली वार्निंग सिस्टम, डिजिटल मॉनिटरिंग, ड्रोन सर्विलांस, जीआईएस मैपिंग और सैटेलाइट मॉनिटरिंग जैसी आधुनिक तकनीकों को आपदा प्रबंधन से जोड़ा जा रहा है। इसके माध्यम से संभावित खतरों का समय रहते आकलन कर जन-धन की हानि को न्यूनतम करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने रैपिड रिस्पॉन्स टीमों को और सशक्त बनाने पर भी जोर दिया।

1200 से अधिक स्थानों पर मॉक ड्रिल

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने बताया कि चार दिवसीय कार्यक्रमों के दौरान प्रदेशभर में व्यापक स्तर पर मॉक अभ्यास और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। शनिवार को 150 स्थानों पर राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल हुई, जबकि चार दिनों में कुल 1200 से अधिक स्थानों पर मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इसके अलावा 3000 से अधिक स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को आपदा से बचाव और सुरक्षित व्यवहार की जानकारी दी गई।

आपातकालीन व्यवस्थाओं को मजबूत करने के लिए एसओपी जारी

इस अवसर पर मंत्री मदन कौशिक ने राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के ड्यूटी ऑफिसर के दायित्वों पर आधारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का विमोचन भी किया। उन्होंने कहा कि एसईओसी आपदा प्रबंधन व्यवस्था का महत्वपूर्ण केंद्र है। एसओपी से अधिकारियों और कर्मचारियों के दायित्वों तथा आपात स्थिति में की जाने वाली कार्रवाई को अधिक स्पष्ट और व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी।

आधुनिक उपकरणों की प्रदर्शनी का किया अवलोकन

मंत्री ने एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, अग्निशमन विभाग और भूकंप पूर्व चेतावनी प्रणाली से जुड़े अत्याधुनिक उपकरणों की प्रदर्शनी का भी निरीक्षण किया। इसमें डीप डाइविंग सेट, नाइट विजन कैमरा, थर्मल इमेजिंग कैमरा, हाइड्रोलिक कटर, अंडरवाटर कम्युनिकेशन सिस्टम, अंडरवाटर ड्रोन और सोनार सिस्टम सहित कई आधुनिक उपकरण प्रदर्शित किए गए। एनडीआरएफ के सीबीआरएनई आपदा प्रबंधन उपकरण विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।

भूकंप से लेकर बाढ़ और सुरंग हादसों तक की तैयारियां परखी

मॉक ड्रिल में भूकंप, भूस्खलन, सड़क अवरोध, बाढ़, अतिवृष्टि, बादल फटने, जंगल की आग, अग्निकांड, नदी में डूबने और सड़क दुर्घटनाओं जैसे विभिन्न आपदा परिदृश्यों को शामिल किया गया। इसके अलावा सुरंग एवं निर्माण स्थलों पर दुर्घटना, धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर भगदड़, बिजली गिरने, बांध से अचानक पानी छोड़े जाने तथा संचार व्यवस्था बाधित होने जैसी परिस्थितियों में संबंधित विभागों की प्रतिक्रिया और बचाव तैयारियों का परीक्षण किया गया।

इस दौरान आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष विनय रुहेला, लेफ्टिनेंट कर्नल (सेवानिवृत्त) रघुवीर सिंह भंडारी, सचिव विनोद कुमार सुमन, अपर सचिव प्रकाश चंद्र, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी डीआईजी राजकुमार नेगी, एसडीआरएफ कमांडेंट अजय गणपति और संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिनेश कुमार पुनेठा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top