29 अक्टूबर को प्रदेशभर की महिला कर्मचारियों को मिलेगी छुट्टी, महिलाओं की आस्था और परंपराओं के सम्मान में धामी सरकार का निर्णय
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में उत्तराखंड सरकार ने करवा चौथ पर्व के अवसर पर प्रदेश की महिला कार्मिकों के लिए 29 अक्टूबर 2026 (गुरुवार) को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। इस संबंध में शासन की ओर से आदेश जारी कर दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि करवा चौथ महिलाओं की आस्था, प्रेम और पारिवारिक विश्वास से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। राज्य सरकार महिलाओं की भावनाओं, आस्था और परंपराओं का सम्मान करते हुए उनके हितों के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि प्रदेश में विकास कार्यों के साथ-साथ समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक पर्वों से जुड़ी भावनाओं को भी सशक्त बनाया जाए। करवा चौथ जैसे पर्व परिवारों में प्रेम, विश्वास और आपसी समर्पण की भावना को मजबूत करते हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं के सम्मान, सुविधा और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। करवा चौथ पर सार्वजनिक अवकाश का निर्णय इसी संवेदनशील दृष्टिकोण का हिस्सा है, जिससे महिला कार्मिक अपनी पारिवारिक परंपराओं और पर्व को सहजता से मना सकें।


