Breaking News
रिखणीखाल सड़क हादसे पर मुख्यमंत्री धामी ने जताया गहरा दुःख, राहत-बचाव कार्य तेज करने के निर्देश
गौ संरक्षण को ग्रामीण अर्थव्यवस्था और प्राकृतिक खेती से जोड़ना समय की जरूरत : धामी
सड़क दुर्घटनाओं पर धामी सख्त, प्रदेशभर में चलेगा विशेष अभियान
आपदा प्रबंधन में हर चुनौती से निपटने के लिए तैयार रहना जरूरी: मदन कौशिक
धामी कैबिनेट के सभी 23 फैसले एक नजर में
धामी ने उत्तराखंड की महत्वाकांक्षी विकास परियोजनाओं को दी रफ्तार, दिसंबर 2026 तक पूरे होंगे हरिद्वार गंगा कॉरिडोर के कई कार्य
मुख्यमंत्री धामी ने किया ‘बेटा हिमालय का’ गीत का विमोचन, उत्तराखंड की विकास यात्रा को मिलेगी नई आवाज
भीमताल झील के पुनर्जीवन की दिशा में धामी सरकार की पहल, चार दिवसीय वैज्ञानिक सर्वेक्षण पूरा
मुख्यमंत्री ने 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को सौंपे नियुक्ति पत्र, 13 बेटियों ने भी हासिल की सफलता

धामी ने उत्तराखंड की महत्वाकांक्षी विकास परियोजनाओं को दी रफ्तार, दिसंबर 2026 तक पूरे होंगे हरिद्वार गंगा कॉरिडोर के कई कार्य

मुख्यमंत्री ने यूआईआईडीबी की पांचवीं बैठक में की महत्वपूर्ण परियोजनाओं की समीक्षा, अधिकारियों को एक माह के भीतर धरातल पर काम दिखाने के दिए निर्देश

तीनों कॉरिडोर से 8,279 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को मिलेगा बढ़ावा, 78 हजार तक लोगों के लिए रोजगार के अवसर होंगे सृजित

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड में विकास और आधारभूत ढांचे को नई गति देने के लिए राज्य की महत्वपूर्ण अवसंरचनात्मक परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में उनकी अध्यक्षता में उत्तराखंड निवेश और आधारभूत संरचना विकास बोर्ड (यूआईआईडीबी) की पांचवीं बैठक आयोजित हुई। बैठक में हरिद्वार गंगा कॉरिडोर, ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर और शारदा रिवरफ्रंट कॉरिडोर सहित विभिन्न परियोजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति का जायजा लिया गया।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माणाधीन परियोजनाओं में तेजी लाई जाए और जिन नई परियोजनाओं को तत्काल शुरू किया जा सकता है, उनकी सभी आवश्यक प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी कर कार्य प्रारंभ कराया जाए। उन्होंने कहा कि आगामी एक माह के भीतर कुछ परियोजनाओं के कार्य धरातल पर दिखाई देने चाहिए। इसके लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से काम करें।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि विकास परियोजनाओं को आगे बढ़ाते समय संबंधित क्षेत्र की सांस्कृतिक, धार्मिक, प्राकृतिक और ऐतिहासिक पहचान का विशेष ध्यान रखा जाए। स्थानीय विशिष्टताओं को परियोजनाओं में शामिल करने से न केवल क्षेत्र की पहचान मजबूत होगी, बल्कि पर्यटन गतिविधियों और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी विकसित होंगे।

बैठक में बताया गया कि हरिद्वार गंगा कॉरिडोर के अंतर्गत 3,297 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। इनमें लगभग 495 करोड़ रुपये की परियोजनाएं क्रियान्वयन के चरण में हैं। प्रशासनिक मार्ग का 75 प्रतिशत, हरकी पैड़ी के उत्तरी क्षेत्र का 70 प्रतिशत, हरकी पैड़ी एवं सुभाष घाट के पुनर्विकास का 50 प्रतिशत तथा रोड़ी बेलवाला क्षेत्र का 45 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। मां मनसा देवी और मां चंडी देवी मंदिरों के पहुंच मार्गों का क्रमशः 55 और 50 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो गया है। इन कार्यों को दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

वहीं ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर के अंतर्गत 3,456 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। इनमें 274 करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। जानकी झूला के समीप एकीकृत कमांड एवं कंट्रोल सेंटर का 39 प्रतिशत निर्माण पूरा हो चुका है। इसके अलावा त्रिवेणी घाट का विकास, आस्था पथ का सौंदर्यीकरण और चंद्रभागा पैदल पुल का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है। शिवपुरी और नीम बीच क्षेत्र में राफ्टिंग एवं पर्यटक सुविधाओं के विकास की योजनाएं भी आगे बढ़ाई जा रही हैं।

शारदा रिवरफ्रंट कॉरिडोर के अंतर्गत 1,526 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। इनमें 340.49 करोड़ रुपये की परियोजनाएं क्रियान्वयन के चरण में हैं। पारिस्थितिक कॉरिडोर का 75 प्रतिशत, शारदा घाट के पुनर्विकास का 30 प्रतिशत तथा शहरी जल निकासी योजना के प्रथम चरण का 13 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। टनकपुर बस टर्मिनल का निर्माण भी अंतिम चरण में पहुंच गया है।

बैठक में जानकारी दी गई कि तीनों कॉरिडोर के तहत कुल 8,279 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं, जिनमें लगभग 1,109 करोड़ रुपये की परियोजनाएं वर्तमान में क्रियान्वयन के चरण में हैं। इन परियोजनाओं से 21 से 27 हजार लोगों को प्रत्यक्ष तथा 45 से 53 हजार लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने का अनुमान है।

इसके साथ ही श्रीनगर-बेलकेदार क्षेत्र में लगभग 72 हेक्टेयर भूमि पर आध्यात्मिक आर्थिक क्षेत्र विकसित करने की योजना की समीक्षा की गई। साहसिक पर्यटन को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने, पर्यटन सुविधाओं के विस्तार, निजी निवेश को प्रोत्साहित करने और परियोजनाओं की प्रभावी निगरानी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा हुई।

बैठक में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, प्रदीप बत्रा, अवस्थापना अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष विश्वास डाबर, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन सहित शासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार धार्मिक पर्यटन, आधुनिक आधारभूत संरचना और क्षेत्रीय विकास को एक साथ आगे बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से उत्तराखंड में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने और रोजगार के नए अवसर सृजित होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top