देहरादून। तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी दिवस सम्मेलन-2026 का आयोजन 13 नवंबर को दून विश्वविद्यालय के नित्यानंद ऑडिटोरियम में किया जाएगा। सम्मेलन की तैयारियों को लेकर बुधवार को सचिवालय में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु की अध्यक्षता में गठित समिति की बैठक हुई। इसमें आयोजन को भव्य, युवा-केंद्रित और नवाचारपूर्ण बनाने के साथ ही प्रवासी उत्तराखण्डियों की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने पर चर्चा की गई।
प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सम्मेलन को अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुरूप आयोजित किया जाए, ताकि इसे विशिष्ट पहचान मिल सके। उन्होंने देश के विभिन्न राज्यों और शहरों में रहकर अलग-अलग क्षेत्रों में कार्य कर रहे प्रवासी उत्तराखण्डियों को चिह्नित कर आमंत्रित करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि सम्मेलन का उद्देश्य केवल आयोजन तक सीमित न रहे, बल्कि प्रवासी उत्तराखण्डियों के साथ सार्थक संवाद स्थापित कर उनके अनुभवों, सुझावों और योगदान का लाभ राज्य के विकास में लिया जाए।
पंजीकरण शुरू, एक सप्ताह में तैयार होगी विस्तृत रूपरेखा
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी दिवस सम्मेलन के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो गई है। प्रमुख सचिव ने संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर आयोजन की विस्तृत रूपरेखा अंतिम रूप देने और तीन से चार दिन में तैयारियों की प्रगति की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मीडिया और सोशल मीडिया से होगा व्यापक प्रचार-प्रसार
प्रमुख सचिव ने सम्मेलन के प्रचार-प्रसार के लिए मीडिया, विज्ञापन, होर्डिंग्स और सोशल मीडिया के माध्यम से प्रभावी अभियान चलाने को कहा। उन्होंने आमंत्रित अतिथियों के आवागमन, परिवहन, ठहरने और भोजन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने आयोजन स्थल पर साफ-सफाई, पहुंच मार्गों और परिवहन व्यवस्था को सुचारु रखने के साथ उद्घाटन सत्र, विभिन्न विषयगत सत्रों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी करने को कहा।
विकास कार्यों और योजनाओं पर आधारित लघु फिल्में दिखाई जाएंगी
सम्मेलन के दौरान उत्तराखण्ड सरकार के विकास कार्यों, योजनाओं और नीतियों पर आधारित लघु फिल्मों का प्रसारण किया जाएगा। इसके माध्यम से प्रवासी उत्तराखण्डियों को राज्य में विभिन्न क्षेत्रों में संचालित विकास कार्यों और नई पहलों की जानकारी दी जाएगी। प्रमुख सचिव ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
बैठक में सचिव शैलेश बगोली, विनोद कुमार सुमन, सी. रविशंकर, राजेंद्र कुमार, दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, उत्तराखण्ड प्रवासी प्रकोष्ठ के सदस्य सुधीर चन्द्र नौटियाल, उपनिदेशक सूचना बद्री चंद सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


