देहरादून। प्रदेश में लगातार हो रही भारी वर्षा को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य सचिव एवं सचिव, आपदा प्रबंधन को सतर्कता बरतने और सभी जिलों में प्रभावी राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां कहीं भी भूस्खलन, सड़क अवरुद्ध होने, जलभराव अथवा अन्य आपदा की स्थिति उत्पन्न हो, वहां प्रशासन तत्काल राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ कर प्रभावित लोगों को समय पर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क, विद्युत, पेयजल एवं संचार जैसी आवश्यक सेवाओं की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। यदि किसी स्थान पर ये सेवाएं बाधित होती हैं तो उन्हें सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र बहाल किया जाए, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने चारधाम यात्रा मार्ग सहित सभी प्रमुख मार्गों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने तथा यात्रियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों में प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहे और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता पहले से सुनिश्चित कर ली जाए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों, श्रद्धालुओं और राज्य में आने वाले यात्रियों से अपील की है कि वे मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा समय-समय पर जारी एडवाइजरी का पालन करें तथा खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और नागरिकों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
