चंडीगढ़ से रुद्रप्रयाग जा रही थी वैगनआर कार, पुलिस और एसडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू अभियान
श्रीनगर। टिहरी गढ़वाल के देवप्रयाग क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चंडीगढ़ से रुद्रप्रयाग जा रही हरियाणा नंबर की वैगनआर कार ग्राम पाली स्थित रिवर व्यू कैफे एंड रेस्टोरेंट के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार में कुल पांच लोग सवार थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही देवप्रयाग पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। एसडीआरएफ की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान में सहयोग किया। खाई में गिरे तीन घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बागी, देवप्रयाग पहुंचाया गया।
हादसे में सत्येश्वरी देवी (72 वर्ष), पत्नी हुकम सिंह चौहान, निवासी किमखाल, थाना कर्णप्रयाग, जिला चमोली तथा कार चालक अनिल, पुत्र सुदर्शन, निवासी किमोली, जिला चमोली की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घायलों में एक युवती भी शामिल
दुर्घटना में घायल हुए लोगों की पहचान उत्तम सिंह (33 वर्ष), पुत्र मोहन सिंह, निवासी ग्राम लाडोली, रुद्रप्रयाग; टीशा रावत (18 वर्ष), पुत्री लक्ष्मण सिंह रावत, निवासी ग्राम बीना, रुद्रप्रयाग तथा सुनीता देवी (45 वर्ष), पत्नी लक्ष्मण सिंह रावत, निवासी ग्राम बीना, रुद्रप्रयाग के रूप में हुई है। तीनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कीर्तिनगर के उपजिलाधिकारी पंकज भट्ट के अनुसार, हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और बचाव दल सक्रिय हो गए थे। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।


