देहरादून: उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कई जिलों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने एहतियात के तौर पर सोमवार को चारधाम यात्रा को अस्थायी रूप से रोकने का निर्णय लिया है। साथ ही राज्य के 11 जिलों में स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है।
गढ़वाल आयुक्त ने संबंधित जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि यात्रा मार्गों पर मौजूद श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर ठहराया जाए और मार्ग पूरी तरह सुरक्षित होने के बाद ही आगे की यात्रा की अनुमति दी जाए। अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया है कि यात्रियों तक आधिकारिक और सही जानकारी समय पर पहुंचती रहे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह फैसला केवल श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लिया गया है। मौसम और सड़क की स्थिति सामान्य होने के बाद चारधाम यात्रा दोबारा शुरू कर दी जाएगी।
श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर विश्वास न करें और केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक निर्देशों का पालन करें।
चारधाम और हेमकुंड साहिब यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बना हुआ है। 19 जुलाई को 9,018 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। वहीं कपाट खुलने के बाद से अब तक कुल 44,84,429 श्रद्धालु चारधाम और हेमकुंड साहिब के दर्शन कर चुके हैं। इनमें बदरीनाथ धाम में 15,21,381, केदारनाथ धाम में 14,09,668, गंगोत्री धाम में 6,99,387, यमुनोत्री धाम में 6,46,235 तथा हेमकुंड साहिब में 2,07,758 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।
भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए देहरादून, पौड़ी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, हरिद्वार, नैनीताल, ऊधम सिंह नगर, पिथौरागढ़, चमोली, चंपावत और उत्तरकाशी जिलों में स्कूलों व आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। जिलाधिकारियों ने यह निर्णय विद्यार्थियों और आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया है।
