कोटद्वार (पौड़ी गढ़वाल)। आगामी कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में कोटद्वार के दुर्गापुरी स्थित हल्दीहाथ वेडिंग प्वाइंट में ‘वीर सैनिक सम्मान समारोह’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
समारोह के दौरान कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने देश की सीमाओं की रक्षा में अदम्य साहस और पराक्रम का परिचय देने वाले वीर सैनिकों, पूर्व सैनिकों तथा अमर शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने राष्ट्र रक्षा में अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि भी अर्पित की।
अपने संबोधन में सतपाल महाराज ने कहा कि उत्तराखंड केवल देवभूमि ही नहीं, बल्कि वीरभूमि भी है। यहां के वीर सपूतों ने हर युद्ध में अपने शौर्य, साहस और बलिदान से देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सैनिकों, पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों के सम्मान और कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा उनके हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा में दिन-रात समर्पित हमारे वीर जवान पूरे देश के लिए गर्व और प्रेरणा के स्रोत हैं। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने वीर सैनिकों और शहीदों के सम्मान में तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका अभिनंदन किया।
