ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग और नशे में वाहन चलाने वालों पर होगी कठोर कार्रवाई, पर्वतीय मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश
देहरादून। प्रदेश में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गंभीर रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री ने परिवहन विभाग, पुलिस, जिला प्रशासन और सड़क निर्माण से जुड़े विभागों को सड़क हादसों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए प्रदेशभर में विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि रोकना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने निर्धारित गति सीमा से अधिक वाहन चलाने, ओवरलोडिंग, नशे में ड्राइविंग और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा है। साथ ही हेलमेट, सीट बेल्ट सहित यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पहाड़ी मार्गों पर वाहनों की फिटनेस, निर्धारित यात्री क्षमता और चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि लापरवाही के कारण होने वाले हादसों को रोका जा सके।
उन्होंने पूर्व में हुई सड़क दुर्घटनाओं के कारणों का गहन विश्लेषण करने और दुर्घटना संभावित स्थलों को चिह्नित कर वहां आवश्यक सुधारात्मक एवं सुरक्षात्मक उपाय करने के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने तथा सड़क सुरक्षा उपायों की नियमित समीक्षा करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि ठोस और परिणामोन्मुखी कार्रवाई जरूरी है। इसके लिए संबंधित विभागों की जवाबदेही तय की जाएगी, ताकि प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं और उनमें होने वाली जनहानि को न्यूनतम किया जा सके।


