पीपलकोटी में मातृशक्ति सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने किया प्रतिभाग, 149.77 करोड़ की 30 विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण
तीन मोटर मार्गों के निर्माण एवं सुधारीकरण की भी की घोषणा
चमोली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को चमोली जनपद के पीपलकोटी में आयोजित मातृशक्ति सम्मेलन में प्रतिभाग कर महिलाओं के सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तीकरण के प्रति प्रदेश सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। इस दौरान उन्होंने कहा कि मातृशक्ति उत्तराखंड की सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक प्रगति की आधारशिला है। प्रदेश की पांच लाख से अधिक महिलाओं को बैणी-भुली योजना के माध्यम से आर्थिक संबल प्रदान किया जाएगा। योजना की पहली किस्त दिसंबर माह में लाभार्थियों के बैंक खातों में जारी की जाएगी।
सम्मेलन में पहुंचने पर महिलाओं ने पारंपरिक वाद्ययंत्रों, कलश यात्रा और पुष्पवर्षा के साथ मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने रोड शो के दौरान लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। इस अवसर पर उन्होंने सम्मेलन स्थल पर लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण भी किया। पहाड़ी संस्कृति से जुड़ाव प्रदर्शित करते हुए मुख्यमंत्री ने महिलाओं के साथ सिलबट्टे पर पहाड़ी नमक पीसा, जांदरा से अनाज पीसा और मथानी से दही मथा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चमोली की धरती से शुरू हुआ ऐतिहासिक चिपको आंदोलन मातृशक्ति के साहस और पर्यावरण संरक्षण के प्रति समर्पण का प्रतीक है। गौरा देवी और उनकी साथी महिलाओं ने जिस संकल्प के साथ जंगलों को बचाने का संदेश दिया, वह आज भी पूरी दुनिया के लिए प्रेरणास्रोत है। पहाड़ की महिलाएं परिवार की जिम्मेदारी निभाने के साथ कृषि, पशुपालन, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए उज्ज्वला, जनधन और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण जैसी योजनाओं के माध्यम से महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। प्रदेश सरकार भी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण तथा सहकारी समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण दिया जा रहा है। समान नागरिक संहिता लागू कर महिलाओं के समान अधिकार सुनिश्चित करने की दिशा में भी कदम उठाया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटियों को जन्म से लेकर उच्च शिक्षा तक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए नंदा गौरा योजना संचालित की जा रही है। इसके तहत बेटी के जन्म पर 11 हजार रुपये और 12वीं उत्तीर्ण करने पर 51 हजार रुपये की सहायता दी जाती है। उन्होंने बताया कि पिछले चार वर्षों में चमोली जनपद के नौ विकासखंडों में 900 से अधिक अत्यंत गरीब परिवारों की महिलाओं को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से तीन करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी गई है।
बैणी-भुली योजना को महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके माध्यम से पांच लाख से अधिक महिलाओं को लाभान्वित किया जाएगा। प्रोत्साहन राशि दो किस्तों में सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी। पहली किस्त दिसंबर में जारी होगी। इसके साथ ही स्वयं सहायता समूहों, स्वरोजगार और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देकर महिलाओं की आजीविका के अवसरों का विस्तार किया जा रहा है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया। पर्यावरण संरक्षण, श्रमदान, अल्प बचत और नशामुक्ति कार्यक्रमों में योगदान के लिए महिला मंगल दल मैडठैली की अध्यक्ष उत्तरा देवी तथा पाखी की अध्यक्ष मीना देवी को सम्मानित किया गया। इसके अलावा मधुमक्खी पालन, खेती, बांस उत्पाद निर्माण और प्राकृतिक खेती के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को भी सम्मानित किया गया।
कृषि क्षेत्र में योगदान के लिए माहेश्वरी देवी, अनुसूया कुंवर और बिमला देवी, खेल के क्षेत्र में निशा एवं स्वाति बड़वाल तथा लखपति दीदी के रूप में निरजा, रामेश्वरी देवी और अनीता देवी को सम्मान प्रदान किया गया। हाईस्कूल परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं के साथ कवयित्री सुरभी देवी और मांगल गीत गायिका नन्दा सती को भी सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक वितरित किए तथा मिलेट्स उत्पादन में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला किसानों को जिला स्तरीय किसान भूषण पुरस्कार से सम्मानित किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने चमोली जनपद को विकास योजनाओं की सौगात देते हुए 149.77 करोड़ रुपये की 30 योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इनमें 133.59 करोड़ रुपये की 16 योजनाओं का शिलान्यास और 16.18 करोड़ रुपये की 14 योजनाओं का लोकार्पण शामिल है। इन योजनाओं में सड़क, पुल, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं।
प्रमुख शिलान्यास कार्यों में गोविंदघाट में मोटर पुल निर्माण, ग्वालदम-नंदकेशरी तथा थराली-देवाल-मुंदोली-वाण मोटर मार्गों का सुधारीकरण, हापला-मसौली से गुडम नैल और ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग से जयकंडी-ग्वाड़ मोटर मार्ग का निर्माण शामिल है। वहीं, लोकार्पित योजनाओं में आईटीआई गोपेश्वर में कार्यशाला निर्माण, गौचर एवं उर्गम में स्वास्थ्य इकाइयों, राजकीय इंटर कॉलेजों में प्रयोगशालाओं एवं कक्षा-कक्षों तथा आयुर्वेदिक चिकित्सालयों से संबंधित कार्य शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास को गति देने के लिए हेलंग-डूंगरी बरोसी मोटर मार्ग, गोपेश्वर-पोखरी मोटर मार्ग तथा त्रिशूला-भदूड़ा मोटर मार्ग के निर्माण एवं सुधारीकरण की घोषणा भी की।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, जनपद प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, विधायक अनिल नौटियाल एवं भूपाल राम टम्टा, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, नगर पंचायत अध्यक्ष पीपलकोटी आरती नवानी, दर्जा मंत्री ऋषि प्रसाद सती एवं रामचंद्र गौड़, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष गजेंद्र सिंह रावत, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।


