रुद्रपुर/उधमसिंहनगर। ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन भवन के पास छह दिन पहले मिले युवक के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने हत्या के आरोपी मृतक के करीबी दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त रस्सी और ईंट भी बरामद कर ली गई है।
पुलिस के अनुसार, 31 जुलाई को शिवनगर स्थित एक निर्माणाधीन मकान के पास अज्ञात युवक का शव मिला था। जांच के दौरान उसकी पहचान अनिल कुमार निवासी ठाकुर नगर, ट्रांजिट कैंप के रूप में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई।
जांच में सामने आया कि घटना वाले दिन अनिल ने अपने साथियों के साथ शराब पी थी। बाद में उसके दोस्त सुनील कुमार उर्फ इक्का उसे निर्माणाधीन मकान में ले गया, जहां पहले दोनों ने शराब पी। इसके बाद आरोपी ने लकड़ी की फंटी और ईंट से हमला किया तथा मौके पर पड़ी रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे संदेह था कि अनिल ने उसके 5 हजार रुपये चोरी कर लिए थे। इसी रंजिश के चलते उसने हत्या की साजिश रचकर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त रस्सी और ईंट बरामद कर ली है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
