रुद्रपुर: काशीपुर में आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और लाखों रुपये वसूलने के आरोप में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक आरोपी और उसके साथियों ने पीड़ित को नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर आपत्तिजनक वीडियो बनाया और उसे वायरल करने की धमकी देकर रकम वसूली. इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मुख्य आरोपी राजेंद्र कुमार को रामनगर रोड स्थित प्रतापपुर बैरियर के पास से गिरफ्तार किया. उसके कब्जे से पीड़ित से वसूली गई रकम में से एक लाख रुपये नकद और एक कार बरामद हुई है. मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.
10 अगस्त को कुंडेश्वरी निवासी व्यक्ति ने कोतवाली काशीपुर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि कुछ लोगों ने उसके साथ तमंचे के बल पर मारपीट की और रुपये वसूले. आरोप यह भी था कि आरोपियों ने षड्यंत्र के तहत उसका आपत्तिजनक वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया. पीड़ित की तहरीर के आधार पर कोतवाली काशीपुर में केस दर्ज किया गया. पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 308(5) और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज करते हुए विवेचना उपनिरीक्षक मनोज धौनी को सौंपी.
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की गिरफ्तारी और घटना के शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए. इसके बाद पुलिस ने सुरागरसी-पतारसी के साथ इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया. पुलिस के मुताबिक, 12 सितंबर को टीम को सूचना मिली कि मुकदमे का मुख्य आरोपी राजेंद्र कुमार प्रतापपुर बैरियर के पास रामनगर रोड पर मौजूद है. सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर राजेंद्र कुमार पुत्र स्वर्गीय सतनाम सिंह, निवासी बैराज कॉलोनी, शक्तिनगर, बिजनौर, उम्र करीब 32 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर पीड़ित को ब्लैकमेल करने की योजना बनाए जाने की बात बताई. आरोप है कि पीड़ित को नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर आपत्तिजनक वीडियो बनाया गया और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उससे रकम वसूली गई.पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक लाख रुपये नकद, जो पीड़ित से वसूली गई रकम में से बताए गए हैं, एक कार बरामद की है. पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है.
गिरफ्तार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है. उसके खिलाफ काशीपुर थाने में वर्ष 2023 में भारतीय दंड संहिता की धारा 489ए, 489बी, 489सी और 34 के तहत तथा आईटीआई थाना क्षेत्र में वर्ष 2022 में धारा 417, 420, 468 और 471 के तहत मुकदमे दर्ज हैं. पुलिस का कहना है कि पूरे मामले में बरामदगी, आरोपियों के बयानों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर विवेचना आगे बढ़ाई जा रही है.
काशीपुर एसपी स्वप्न किशोर ने बताया कि
आरोपियों द्वारा आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पीड़ित से लाखों रुपये की वसूली गई थी. कोतवाली काशीपुर पुलिस ने एक शातिर अभियुक्त को किया गिरफ्तार, जिसके रुपए भी बरामद किए हैं. इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस एव सूचना पर प्रतापपुर बैरियर के पास रामनगर रोड से हुई गिरफ्तारी. मामले की गंभीरता को देखते हुए द्वारा तत्काल पुलिस टीम गठित कर अभियुक्तों की गिरफ्तारी एवं घटना के अनावरण के कड़े निर्देश दिए गए.
-स्वप्न किशोर,काशीपुर एसपी-
स्वप्न किशोर ने बताया पूछताछ में अभियुक्त द्वारा अपने साथियों के साथ मिलकर आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उसे वायरल करने की धमकी देते हुए पीड़ित से रुपये वसूलने की योजना बनाए जाने की बात बताई गई. अभियुक्त के अनुसार पीड़ित को नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर आपत्तिजनक वीडियो बनाया गया तथा वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उससे धनराशि वसूली गई. मामले में शामिल अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं.
