मुख्यमंत्री आवास में विधि-विधान से की गौ पूजा, बोले- प्रकृति, पशुधन और पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक है गोवर्धन पूजा
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री आवास में गौ माता की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने गौ माता को तिलक लगाकर पुष्पमाला पहनाई और प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने समस्त प्रदेशवासियों को गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व भारतीय संस्कृति में प्रकृति, पशुधन और पर्यावरण संरक्षण के प्रति हमारी आस्था एवं कृतज्ञता का प्रतीक है। भारतीय परंपरा में गौ माता को विशेष स्थान प्राप्त है और गौ संरक्षण एवं संवर्धन हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न हिस्सा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गोवर्धन पूजा हमें प्रकृति के साथ सामंजस्य बनाकर जीवन जीने तथा सभी जीवों के प्रति करुणा, प्रेम और संवेदनशीलता रखने का संदेश देती है। गौ सेवा एवं संरक्षण के साथ-साथ पर्यावरण और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा करना भी हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने प्रदेशवासियों से भारतीय संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने तथा गौ सेवा एवं पर्यावरण संरक्षण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।


