हरिद्वार, 23 सितंबर। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को पतंजलि वेलनेस योगग्राम, ग्राम औरंगाबाद, हरिद्वार में प्रथम पतंजलि आयुर्वेद गुरुकुलम् का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने योगगुरु स्वामी रामदेव, आचार्य बालकृष्ण एवं समस्त पतंजलि परिवार को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह गुरुकुलम् भारतीय ज्ञान परंपरा को आधुनिक शिक्षा से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार आस्था, संस्कृति और सनातन परंपरा का प्रमुख केंद्र है। गुरुकुल परंपरा सदियों से ज्ञान, संस्कार, अनुशासन और चरित्र निर्माण का आधार रही है। उन्होंने कहा कि पतंजलि आयुर्वेद गुरुकुलम् में आधुनिक विज्ञान एवं तकनीक के साथ योग, आयुर्वेद, भारतीय संस्कृति और जीवन मूल्यों का समन्वय विद्यार्थियों को अपनी जड़ों से जोड़ने के साथ भविष्य की चुनौतियों के लिए भी तैयार करेगा।
श्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 में भारतीय ज्ञान परंपरा, कौशल, नवाचार और विद्यार्थियों के समग्र विकास पर विशेष जोर दिया गया है। उत्तराखंड में भी इसे प्रभावी ढंग से लागू करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आधुनिकता और परंपरा एक-दूसरे की विरोधी नहीं, बल्कि पूरक हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में विज्ञान, शोध और नवाचार को बढ़ावा देने के साथ देहरादून में देश की पांचवीं साइंस सिटी विकसित की जा रही है। युवाओं के लिए स्टार्टअप, इनोवेशन और कौशल विकास के अवसर बढ़ाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी भर्तियों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए राज्य में सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है तथा पिछले लगभग पांच वर्षों में करीब 35 हजार युवाओं को सरकारी सेवाओं में रोजगार के अवसर मिले हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को पर्यटन के साथ-साथ ज्ञान, योग, आयुर्वेद और अध्यात्म के प्रमुख वैश्विक केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में सरकार निरंतर कार्य कर रही है। पतंजलि आयुर्वेद गुरुकुलम् इस प्रयास में महत्वपूर्ण सहयोगी साबित होगा और आने वाले समय में देश-विदेश के विद्यार्थियों के लिए योग, आयुर्वेद, ज्ञान एवं विज्ञान के अध्ययन का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, विधायक आदेश चौहान, विधायक रवि बहादुर, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, संस्थान के छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
