देहरादून। मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन ने बुधवार को देहरादून में भारतीय प्रबन्धन संस्थान (आईआईएम) काशीपुर के देहरादून कैंपस का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने देहरादून में आईआईएम काशीपुर का कैंपस स्थापित होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे प्रदेश के विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण अवसर बताया।
मुख्य सचिव ने कहा कि कैंपस के स्थापित होने से उत्तराखंड सहित आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को मैनेजमेंट के क्षेत्र में उच्च गुणवत्ता की शिक्षा प्राप्त करने के बेहतर अवसर मिलेंगे। विद्यार्थियों को अपने ही क्षेत्र में प्रबंधन से जुड़े विभिन्न पाठ्यक्रमों का अध्ययन करने की सुविधा उपलब्ध होगी।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। उच्च स्तरीय शैक्षणिक संस्थानों की उपलब्धता से युवाओं को अपनी क्षमताओं को विकसित करने और नए अवसरों का लाभ उठाने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर आईआईएम काशीपुर के निदेशक प्रो. नीरज द्विवेदी, सीपीडब्ल्यूडी देहरादून के मुख्य अभियंता श्री देवेंद्र प्रकाश सहित संबंधित विभागों एवं आईआईएम काशीपुर के अधिकारी उपस्थित रहे।
