मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रवासी उत्तराखंडी प्रदेश के ब्रांड एंबेसडर हैं, जो अपनी संस्कृति, सभ्यता, परंपराओं और लोक विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने प्रवासी भाई-बहनों से आह्वान किया कि जब भी वे देवभूमि उत्तराखंड आएं, अपने गांव अवश्य जाएं और वहां कुछ समय बिताएं। अपनी जड़ों से जुड़े रहना ही हमारी पहचान और ताकत है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह हर्ष का विषय है कि आज प्रवासी उत्तराखंडी अपने गांवों को गोद लेकर उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का सराहनीय कार्य कर रहे हैं। राज्य सरकार का संकल्प प्रदेश के प्रत्येक गांव को विकास की धारा से जोड़ना है। इसी उद्देश्य से गांवों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रवासी उत्तराखंडियों के अनुभव, सामर्थ्य और सहयोग से विकसित उत्तराखंड के संकल्प को और अधिक गति मिलेगी। प्रवासियों की भागीदारी प्रदेश के विकास, निवेश और सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण साबित होगी।
कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व राज्यपाल पद्मभूषण भगत सिंह कोश्यारी, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट, केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड के अध्यक्ष एवं पद्मश्री प्रसून जोशी, भारत सरकार के सचिव सुधांशु पंत, प्रसिद्ध अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी, चित्रांशी रावत सहित प्रदेश के मंत्रीगण, विधायकगण एवं देश-विदेश से पहुंचे प्रवासी उत्तराखंडी उपस्थित रहे।


