गोपेश्वर। भगवान शिव के जयघोष और श्रद्धालुओं की भक्ति के बीच चतुर्थ केदार भगवान रुद्रनाथ की चल विग्रह डोली रविवार को अपने शीतकालीन गद्दीस्थल गोपीनाथ मंदिर से रुद्रनाथ धाम के लिए रवाना हुई। डोली यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरे मार्ग में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
डोली यात्रा अपने प्रथम पड़ाव पनार बुग्याल पहुंची, जहां रात्रि विश्राम किया गया। सोमवार को डोली रुद्रनाथ मंदिर पहुंचेगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दोपहर 12:45 बजे भगवान रुद्रनाथ मंदिर के कपाट ग्रीष्मकालीन दर्शन के लिए श्रद्धालुओं हेतु खोल दिए जाएंगे।
कपाट खुलने की प्रक्रिया के तहत रविवार तड़के से ही गोपीनाथ मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। इसके बाद भगवान रुद्रनाथ की डोली को आकर्षक फूलों से सजाया गया। यात्रा के दौरान “बम-बम भोले” और “हर-हर महादेव” के जयकारों से पूरा क्षेत्र शिवमय हो उठा।
इस वर्ष रुद्रनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की जिम्मेदारी पुजारी हरीश भट्ट निभा रहे हैं। मंदिर प्रशासन और स्थानीय श्रद्धालुओं में कपाट खुलने को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है। प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गई हैं।
