खटीमा। खटीमा गोलीकांड की बरसी के अवसर पर शहीद स्मारक, खटीमा में उत्तराखण्ड राज्य निर्माण आंदोलन में अपना अमूल्य योगदान देने वाले अमर शहीद राज्य आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान शहीदों के बलिदान को नमन करते हुए उनके सपनों के अनुरूप सशक्त और समृद्ध उत्तराखण्ड के निर्माण का संकल्प दोहराया गया।
कार्यक्रम में कहा गया कि खटीमा गोलीकांड उत्तराखण्ड के इतिहास की एक बेहद पीड़ादायक घटना है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। इस घटना ने उत्तराखण्ड राज्य निर्माण आंदोलन को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

राज्य आंदोलनकारियों के योगदान और उनके त्याग के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए सरकार की ओर से आंदोलनकारियों एवं उनके आश्रितों को सरकारी सेवाओं में 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का लाभ प्रदान किया गया है। इसके साथ ही राज्य आंदोलनकारियों एवं उनके आश्रितों की पेंशन राशि में भी वृद्धि की गई है।
वक्ताओं ने कहा कि अमर शहीदों की आकांक्षाओं और उनके सपनों के अनुरूप नए उत्तराखण्ड के निर्माण के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है। विकास के साथ प्रदेश को सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रयास जारी हैं।

इस अवसर पर माननीय लोकसभा सांसद अजय भट्ट, माननीय विधायक शिव अरोड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्या समेत अन्य गणमान्य जन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके बलिदान को सदैव स्मरण रखने का संकल्प लिया गया।
