Breaking News
यूआईआईडीबी को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर प्रमुख सचिव एवं यूआईआईडीबी एमडी श्री आर. मीनाक्षी सुंदरम की मीडिया से बातचीत
स्कूलों में आपदा प्रबंधन की पुख्ता तैयारी, हर विद्यालय का बनेगा प्लान
मीटर रीडरों से संवाद कर एमडी ने जानी विद्युत व्यवस्था की जमीनी स्थिति
हल्द्वानी शहीद स्मारक पहुंचकर मुख्यमंत्री धामी ने अमर शहीदों को किया नमन, अर्पित की श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री ने श्री महालक्ष्मी अष्टभुजा मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की
पं. गोविंद बल्लभ पंत की 139वीं जयंती पर युवा लोकगायक विवेक नौटियाल सम्मानित
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘ज्ञान गंगा’ समारोह में मेधावियों को बांटी छात्रवृत्ति, शिक्षकों का किया सम्मान
यूजेवीएनएल के प्रदीप सिंह कैड़ा ने रचा इतिहास, 1002 किमी की राइड पूरी कर पेरिस-ब्रेस्ट-पेरिस 2027 में बनाई जगह
माउंट किलिमंजारो फतह करने वाले नन्हे पर्वतारोहियों से मिले मुख्यमंत्री धामी

उत्तराखंड में 1 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट, कई जिलों में ऑरेंज चेतावनी; बागेश्वर में आज स्कूल और आंगनबाड़ी बंद

देहरादून: उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के लिए 1 अगस्त तक का विस्तृत मौसम पूर्वानुमान जारी करते हुए कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है। लगातार तीन दिनों तक ऑरेंज अलर्ट जारी होने के कारण लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।

आज इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट

सोमवार, 27 जुलाई को देहरादून, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार इन क्षेत्रों में कुछ जगहों पर तेज से अति तेज बारिश भी दर्ज की जा सकती है। संभावित खतरे को देखते हुए इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

कई जिलों में येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, उत्तरकाशी, चमोली, चंपावत, उधम सिंह नगर और पिथौरागढ़ जिलों में भी तेज बारिश के दौर की संभावना जताई है। वहीं हरिद्वार जिले में गरज-चमक के साथ वज्रपात की आशंका को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

28 और 29 जुलाई को भी रहेगा खतरा

पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार, 28 जुलाई को उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, चमोली, उधम सिंह नगर, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। राज्य के अन्य हिस्सों में भी कई स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना बनी हुई है।

बुधवार, 29 जुलाई को भी मौसम का मिजाज गंभीर रहेगा। उत्तरकाशी, देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और टिहरी गढ़वाल में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा पिथौरागढ़ और नैनीताल में भी तेज बारिश के दौर देखने को मिल सकते हैं, जबकि शेष जिलों में येलो अलर्ट रहेगा।

30 जुलाई को भी जारी रहेगा बारिश का सिलसिला

गुरुवार, 30 जुलाई को उत्तरकाशी, देहरादून, बागेश्वर और नैनीताल जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। राज्य के अन्य जिलों में भी तेज बारिश के दौर जारी रहने की संभावना है।

31 जुलाई और 1 अगस्त का पूर्वानुमान

मौसम विभाग के मुताबिक 31 जुलाई और 1 अगस्त को उत्तराखंड के सभी जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और नदियों-नालों के जलस्तर में बढ़ोतरी की आशंका को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।

बागेश्वर में स्कूल और आंगनबाड़ी बंद

भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए बागेश्वर प्रशासन ने 27 जुलाई को जिले के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया है। हालांकि मुख्य शिक्षा अधिकारी विनय कुमार आर्या ने बताया कि उत्तराखंड बोर्ड की परीक्षाफल सुधार परीक्षा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राजकीय इंटर कॉलेज बागेश्वर, राजकीय इंटर कॉलेज गरुड़ और राजकीय इंटर कॉलेज कपकोट परीक्षा केंद्रों पर निर्धारित समय पर आयोजित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top