Breaking News
महिला पत्रकारों से मारपीट पर जर्नलिस्ट यूनियन ने जताया रोष, कार्रवाई की मांग
शिक्षक दिवस पर मुख्यमंत्री धामी ने डॉ. राधाकृष्णन को किया नमन
मुख्यमंत्री ने किसान-केंद्रित मोबाइल एप ‘मनोरमा कृषि रक्षक’ का किया शुभारंभ
यूपीसीएल एमडी ने बिजली व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर दिया जोर
बाबा नीब करौरी महाराज के जीवन से प्रेरित फिल्म ‘हनुमान अंश’ देख भावुक हुए सीएम धामी
*चम्पावत में पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के लिए ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक की होगी स्थापना*
उत्तराखंड में 101 युवाओं को मिली सरकारी नौकरी, CM धामी ने बांटे नियुक्ति पत्र
उत्तराखंड में अगले 3 घंटे भारी, 4 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
मसूरी गोलीकांड के शहीदों को CM धामी ने किया नमन, बोले- बलिदान हमेशा रहेगा अमर

चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं का मुख्यमंत्री धामी ने लिया जायजा, ऋषिकेश ट्रांजिट कैंप का किया औचक निरीक्षण

ऋषिकेश, 3 जून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को ऋषिकेश स्थित ट्रांजिट कैंप का औचक निरीक्षण कर चारधाम यात्रा से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पंजीकरण प्रक्रिया, स्वास्थ्य जांच केंद्रों, आवास व्यवस्था और श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का निरीक्षण किया तथा विभिन्न राज्यों से आए यात्रियों से यात्रा संबंधी फीडबैक भी लिया।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को पंजीकरण के लिए अनावश्यक इंतजार न करना पड़े और सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित हों। उन्होंने स्वास्थ्य जांच केंद्रों का निरीक्षण करते हुए यात्रियों के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने पर जोर दिया। बढ़ती गर्मी को देखते हुए ट्रांजिट कैंप में अतिरिक्त कूलर लगाने तथा पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को बेहतर भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी कर्मचारी “अतिथि देवो भवः” की भावना के साथ श्रद्धालुओं का स्वागत करें और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करें।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार सहित विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालुओं से संवाद कर यात्रा व्यवस्थाओं की जानकारी ली। यात्रियों ने पंजीकरण, स्वास्थ्य जांच, आवास और अन्य सुविधाओं को संतोषजनक बताते हुए राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना की। कई बुजुर्ग श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उन्हें आशीर्वाद दिया और यात्रा को सुगम एवं व्यवस्थित बनाने के लिए आभार व्यक्त किया।

ट्रांजिट कैंप में श्रद्धालुओं के लिए एलईडी स्क्रीन के माध्यम से रामायण और महाभारत के प्रसारण की व्यवस्था भी की गई है। यात्रियों ने इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि इससे प्रतीक्षा के दौरान आध्यात्मिक और सांस्कृतिक वातावरण का अनुभव हो रहा है। उत्तर प्रदेश से आई एक श्रद्धालु ने बताया कि कैंप में कूलर, पंखे, पेयजल और बैठने की अच्छी व्यवस्था है, जबकि अन्य यात्रियों ने भी सुविधाओं को सराहनीय बताया।

ट्रांजिट कैंप परिसर में श्रद्धालुओं के लिए निरंतर लंगर सेवा और नि:शुल्क भोजन-पानी की व्यवस्था की जा रही है। वहीं स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा स्थानीय हस्तशिल्प और पारंपरिक उत्पादों के स्टॉल भी लगाए गए हैं। इससे यात्रियों को स्थानीय उत्पाद उपलब्ध हो रहे हैं और महिलाओं को आर्थिक सशक्तिकरण का अवसर भी मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुखद चारधाम यात्रा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार यात्रा को और अधिक सरल, सुरक्षित तथा सुविधाजनक बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top