Breaking News
*चम्पावत में पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के लिए ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक की होगी स्थापना*
उत्तराखंड में 101 युवाओं को मिली सरकारी नौकरी, CM धामी ने बांटे नियुक्ति पत्र
उत्तराखंड में अगले 3 घंटे भारी, 4 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
मसूरी गोलीकांड के शहीदों को CM धामी ने किया नमन, बोले- बलिदान हमेशा रहेगा अमर
मसूरी गोलीकांड के शहीदों को CM धामी ने किया नमन, बोले- बलिदान अमर रहेगा
खटीमा को मिली विकास की नई सौगात, CM धामी ने किया सिटी पार्क (ऑक्सीजन पार्क) का लोकार्पण
खटीमा गोलीकांड की बरसी पर शहीद स्मारक में अमर शहीदों को श्रद्धांजलि
विदेशों में रोजगार के लिए उत्तराखंड के युवाओं को मिलेगा कौशल और भाषा प्रशिक्षण: CM धामी
सीएम धामी ने दी ₹53.72 करोड़ के विकास कार्यों को मंजूरी, रामनगर को मिली बड़ी सौगात

उत्तराखंड में 101 युवाओं को मिली सरकारी नौकरी, CM धामी ने बांटे नियुक्ति पत्र

पिछले पांच वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को मिली सरकारी नौकरी, मुख्यमंत्री बोले- मेहनत और प्रतिभा के आधार पर हो रहा चयन

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में पशुपालन विभाग तथा गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग विभाग में चयनित 101 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इनमें 88 पशुधन प्रसार अधिकारी और 13 गन्ना पर्यवेक्षक शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने सभी नवनियुक्त कार्मिकों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि नियुक्ति पत्र प्राप्त करना युवाओं के परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। आज से सभी नवनियुक्त कार्मिक उत्तराखंड सरकार का हिस्सा बनने के साथ जनसेवा की महत्वपूर्ण यात्रा शुरू कर रहे हैं। उन्होंने कार्मिकों से अपने ज्ञान, ऊर्जा और नए विचारों के माध्यम से शासकीय कार्यप्रणाली को और प्रभावी बनाने का आह्वान किया।

नकल विरोधी कानून से भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और युवाओं के हितों की रक्षा के लिए देश का सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है। अब सरकारी नौकरियां सिफारिश या पहचान के आधार पर नहीं, बल्कि युवाओं की मेहनत और प्रतिभा के आधार पर मिल रही हैं।

उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है। यह पारदर्शी भर्ती व्यवस्था के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता का परिणाम है।

पशुपालन से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती

मुख्यमंत्री ने कहा कि पशुपालन तथा गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग विभाग राज्य की ग्रामीण अर्थव्यवस्था से सीधे जुड़े हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में पशुपालन हजारों परिवारों की आजीविका का आधार होने के साथ मातृशक्ति के आर्थिक सशक्तीकरण और गांवों की समृद्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री आंचल अमृत योजना, मुख्यमंत्री घस्यारी कल्याण योजना और मुख्यमंत्री राज्य पशुधन मिशन के माध्यम से पशुपालन एवं डेयरी क्षेत्र को बढ़ावा दिया जा रहा है। पशुपालकों को अनुदान पर गाय, बकरी, भेड़ और मुर्गी पालन की इकाइयां उपलब्ध कराने के साथ कृत्रिम गर्भाधान, टीकाकरण और बेहतर पशु चिकित्सा सुविधाओं पर भी काम किया जा रहा है।

गन्ना किसानों के हित में ऑनलाइन और पारदर्शी व्यवस्था

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार गन्ना किसानों के हितों के लिए प्रतिबद्ध है। गन्ना सर्वेक्षण व्यवस्था को ऑनलाइन और पारदर्शी बनाया गया है। किसानों को नई तकनीक, उन्नत गन्ना प्रजातियों और वैज्ञानिक खेती की जानकारी देने के लिए गन्ना क्लीनिक एवं परामर्श केंद्र शुरू किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में गन्ना किसानों को उत्तर प्रदेश की तुलना में 5 रुपये प्रति कुंतल अधिक गन्ना मूल्य दिया जा रहा है।

‘सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टि’ को बनाएं मूल मंत्र

मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त कार्मिकों से कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना उनकी प्रमुख जिम्मेदारी है। किसानों और पशुपालकों से संवाद कर उनकी समस्याओं को समझना और संवेदनशीलता के साथ उनका समाधान करना होगा।

उन्होंने कहा कि आम नागरिक को सरकारी काम के लिए अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। कार्मिक ‘सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टि’ के मूल मंत्र को आत्मसात करते हुए ईमानदारी, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ‘विकसित भारत-2047’ के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। उत्तराखंड भी इस राष्ट्रीय संकल्प में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने नवनियुक्त कार्मिकों से सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर उत्तराखंड के निर्माण में अपना शत-प्रतिशत योगदान देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, गणेश जोशी, खजानदास, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक सविता कपूर और दुर्गेश्वर लाल, सचिव एस.एन. पाण्डेय सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top