गदरपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को उधम सिंह नगर जिले के गदरपुर स्थित कम्बोज धर्मशाला में शहीद शिरोमणि ऊधम सिंह के शहादत दिवस पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने आयोजित अखंड पाठ में प्रतिभाग किया तथा गुरुद्वारे में मत्था टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री ने गुरु साहिब और अमर शहीद ऊधम सिंह को नमन करते हुए कहा कि यह समागम वीरता और पवित्रता का अद्भुत संगम है। उन्होंने कहा कि जब भी देश अमर शहीद ऊधम सिंह के त्याग, साहस और राष्ट्रभक्ति का स्मरण करता है, प्रत्येक भारतीय का सीना गर्व से चौड़ा हो जाता है।
उन्होंने कहा कि जलियांवाला बाग हत्याकांड भारतीय इतिहास का एक अत्यंत दुखद और काला अध्याय था। शहीद ऊधम सिंह ने इस अन्याय का प्रतिकार कर पूरी दुनिया के सामने भारत के स्वाभिमान, साहस और अदम्य संकल्प का परिचय दिया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि शहीद ऊधम सिंह का जीवन साहस, स्वाभिमान, राष्ट्रभक्ति और बलिदान की प्रेरणा देता है। उनका त्याग प्रत्येक भारतीय के मन में देशभक्ति की भावना जागृत करता है और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश देता है।उन्होंने कहा कि राष्ट्रभक्ति, सेवा, त्याग और मानवता की प्रेरणा श्री गुरु ग्रंथ साहिब की पावन वाणी से प्राप्त होती है। गुरु साहिब की शिक्षाएं मानवता, करुणा, सत्य, भाईचारे और निस्वार्थ सेवा का मार्ग प्रशस्त करती हैं तथा पूरे राष्ट्र को प्रेरित करती हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के विकास में सिख समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि अमर शहीद ऊधम सिंह के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं और उनके बताए मार्ग पर चलकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान दें।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा, विधायक अरविंद पाण्डेय, शिव अरोरा, त्रिलोक सिंह चीमा, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, मनोज पाल, मेयर विकास शर्मा, दीपक बाली, दर्जा राज्य मंत्री अनिल कपूर डब्बू सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
