हरिद्वार। नहर में गिरी कार में दो शवों के मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्यवाही शुरू कर दी है। परिजनों द्वारा दोनो मृतकों की शिनाख्त कर ली गयी है।
जानकारी के अनुसार मंगलौर मोड़ स्थित राणा स्टील फैक्ट्री के पास नहर पटरी किनारे आज सुबह एक सफेद रंग की कार क्षतिग्रस्त अवस्था में पड़ी मिली कार का आधा हिस्सा नहर में डूबा था और आधा बाहर झाड़ियों में था। जिसमें दो युवक मृत पाए गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर सरकारी अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया। बताया जा रहा है कि आज सुबह करीब 7ः45 बजे चेतक मोबाइल के कांस्टेबल दिनेश चौहान को स्थानीय लोगों द्वारा सूचना दी गई कि नहर किनारे एक कार दुर्घटनाग्रस्त हालत में पड़ी है और उसमें दो व्यक्ति मृत अवस्था में हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे मे लेकर अग्रिम कार्यवाही शुरू कर दी गयी है। कुछ ही देर बाद मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंचे। रूबी पत्नी सचिन धीमान निवासी गणेशपुर रुड़की ने एक मृतक की पहचान अपने पति सचिन धीमान (38 वर्ष) पुत्र सुरेंद्र धीमान के रूप में की। वहीं विकास त्यागी पुत्र ब्रजभूषण त्यागी निवासी गली नंबर 10, राजेंद्र नगर रुड़की ने दूसरे मृतक की पहचान अपने भाई अमन त्यागी (35 वर्ष) के रूप में की है। बहरहाल पुलिस अब घटना के कारणों की जांच में जुट गयी है।
