देहरादून : मुख्यमंत्री के सख्त निर्देशों के बाद देहरादून पुलिस ने हत्याकांड के आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों—एक शूटर और उसके सहयोगी—को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी है और उनका उपचार चिकित्सालय में चल रहा है।
हत्याकांड के मद्देनजर एसएसपी देहरादून के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में शहर से लेकर देहात तक लगातार नाकेबंदी और सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान तड़के सुबह पुलिस को दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई में सफलता मिली।
पहली घटना रायपुर थाना क्षेत्र के लाडपुर जंगल की है, जहां चेकिंग के दौरान एक बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे तत्काल उपचार के लिए कोरोनेशन चिकित्सालय भेजा गया।
दूसरी मुठभेड़ लालतप्पर पुलिस चौकी क्षेत्र में हुई। स्कूटी सवार एक संदिग्ध ने पुलिस के रुकने के इशारे को नजरअंदाज कर भागने की कोशिश की और एक खंडहर फैक्ट्री में घुसकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। इस दौरान उसके दाहिने पैर में गोली लगी।
घटना की सूचना उच्च अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसएसपी देहरादून ने भी चिकित्सालय पहुंचकर अधिकारियों से पूरी जानकारी ली।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से दो देशी तमंचे और एक स्कूटी बरामद की है। पूछताछ में आरोपियों ने तिब्बती मार्केट के सामने हुए हत्याकांड को अंजाम देने की बात कबूल की है। फिलहाल पुलिस की पूछताछ जारी है और मामले में आगे की जांच की जा रही है।
