बद्रीनाथ (चमोली)। विश्व प्रसिद्ध बद्रीनाथ धाम स्थित एक आश्रम से भगवान बद्री नारायण का बहुमूल्य सोने का मणि जड़ित मुकुट चोरी होने के मामले में उत्तराखंड पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मुकुट को सुरक्षित बरामद कर आरोपी साधु को गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राघवराम पाठक उर्फ राघवदास के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले का निवासी है। पुलिस की सतर्कता और प्रभावी जांच के चलते चोरी के कुछ ही समय बाद आरोपी को दबोच लिया गया तथा उसके कब्जे से भगवान बद्री नारायण का स्वर्ण मणि जड़ित मुकुट सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार मामले की सूचना मिलते ही विशेष टीमों का गठन कर जांच शुरू की गई। तकनीकी साक्ष्यों और लगातार की गई छानबीन के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।
धार्मिक आस्था से जुड़े इस संवेदनशील मामले का त्वरित खुलासा कर उत्तराखंड पुलिस ने एक बार फिर अपनी मुस्तैदी और पेशेवर कार्यशैली का परिचय दिया है। श्रद्धालुओं ने मुकुट की सुरक्षित बरामदगी पर राहत व्यक्त करते हुए पुलिस की कार्रवाई की सराहना की है।
