हरिद्वार। लक्सर कोतवाली क्षेत्र के कुड़ी भगवानपुर गांव के पास बीती देर शाम दो किशोरियां रेलवे ट्रैक पर अचेत अवस्था में पड़ी मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को तत्काल अस्पताल भिजवाया। जहां डॉक्टरों ने एक किशोरी को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरी की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही रायसी चौकी प्रभारी कमलकांत रतूड़ी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अचेत किशोरियों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने सलोनी नाम की किशोरी को मृत घोषित कर दिया, जबकि नैना नाम की दूसरी किशोरी की हालत गंभीर होने के कारण उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। दोनों किशोरियां ग्राम निरंजनपुर की रहने वाली हैं। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वे रेलवे लाइन तक कैसे पहुंचीं और इस हादसे की वजह क्या रही। चौकी प्रभारी रतूड़ी ने बताया कि नैना के होश में आने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और परिजनों से पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद गांव और आसपास के इलाके में तनाव और चिंता का माहौल है।
